ड्यूटी के दौरान बड़ा हादसा, हरियाणा का बेटा बलिदान; सर्विस राइफल से चली गोली ने ली जान

श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में सोमवार तड़के एक सैन्यकर्मी की ड्यूटी के दौरान अपनी ही सर्विस राइफल से गोली लगने से मौत हो गई। गोली किन कारणों और परिस्थितियों में चली, इसकी जांच की जा रही है।

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि जवान की पहचान 24 वर्षीय जयदीप निवासी गोहाणा, हरियाणा के रूप में हुई है। सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद दिवंगत का पार्थिव शरीर पूरे सम्मान के साथ उसके परिजनों के पास भेजा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार हंदवाड़ा के निकट लंगेट-कलमाबाद में सुबह ड्यूटी के दौरान गोली लगने से जयदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथियों ने उसे गंभीर हालत में निकटवर्ती सैन्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर स्थित सेना के 92 बेस अस्पताल में भेजा गया। लेकिन वहां कुछ ही देर बाद उसने जख्मों की ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया।