सोनीपत. हरियाणा के सोनीपत के गांव जाजल में दो सुमदायों के बीच बवाल हो गया. घटना में करीब 25 लोग घायल हुए हैं. फिलहाल, गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
जानकारी के अनुसार, गांव जाजल और यमुना के रास्ते पर रह रहे विशेष समुदाय और अन्य लोगों के बीच मारपीट हुई. एक परिवार के दो युवकों के साथ शराब के नशे में झगड़ा होने की वजह से हंगामा हुआ औऱ फिर देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी डंडे और पथराव किया गया. दोनो पक्षों के करीब 2 दर्जन पुरुष और महिलाएं घायल हो गए, जिसमें एक पांच साल की छोटी सी बच्ची भी शामिल है. सभी घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जहां ईलाज के बाद छुट्टी दे दी गई. गांव में तनाव का माहौल बनते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला है.
जानकारी के अनुसार सोनीपत के गांव जाजल में यमुना रास्ते से दो युवक अपनी बाइक पर गांव की और लौट रहे थे. इस दौरान विशेष समुदाय के लोगों के घर के बाहर उनकी बाइक खराब हो गई. विशेष समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि दोनों युवकों ने शराब पी हुई थी और दोनो गाली गलौच करने लग गए और वहां हाथापाई हुई तो परिवार के लोगों ने उन्हें घरों से बाहर निकाला औऱ पीटना शुरू कर दिया. उधर, जिस परिवार पर पिटाई के आरोप लगाए जा रहे हैं, उस परिवार ने भी विशेष समुदाय के लोगों पर बेरहमी से पिटाई के आरोप लगाए हैं. दोनों पक्षों से करीब 25 लोग घायल हुए थे.
गांव में शांति की कोशिशें
गांव जाजल में इस घटना के बाद चर्चाओं का विषय गर्म है और लगातार गांव के मौजीज लोग गांव में शांति बनाने के लिए अग्रसर नजर आ रहे हैं और गांव में पुलिस की तैनाती कर दी गई है ताकि इस माहौल को शांत करवाया जा सके और पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर चुकी है.