हरियाणा के कई जिलों में जोरदार बारिश, 21 जून तक येलो अलर्ट जारी

Heavy rain in many districts of Haryana, Yellow alert issued till June 21
Heavy rain in many districts of Haryana, Yellow alert issued till June 21
इस खबर को शेयर करें

हिसार: हरियाणा में शुक्रवार को दूसरा पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हो गया। इससे शुक्रवार और शनिवार को बारिश के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जिस कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इस पश्चिमी विक्षोभ को अरब सागर व बंगाल की खाड़ी दोनों तरफ से नमी मिलेगी। प्रदेश भर में बारिश संबंधी गतिविधियां होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने इसे लेकर 21 जून तक येलो अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश के उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, जींद व कैथल में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और गरज चमक के साथ बारिश की गतिविधियां दर्ज की गईं। वहीं दक्षिणी हिस्सों महेंद्रगढ़, भिवानी, रेवाड़ी, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद जिले में कई स्थानों पर शाम से रात तक बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश दर्ज की गई। प्री मानसून गतिविधियों की वजह से प्रभावित स्थानों पर तापमान में गिरावट दर्ज हुई है जबकि प्रदेश के मध्य वाले हिस्से में बारिश न होने व नमी की मात्रा ज्यादा होने के कारण उमस वाली गर्मी ने लोगों को परेशान किया। इस दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान 35 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

मंगलवार रात से सक्रिय हुए कमजोर श्रेणी के पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार रात व गुरुवार अल सुबह प्रदेश के उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, जींद व कैथल में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और गरज चमक के साथ बारिश की गतिविधियां दर्ज की गईं थीं।