हिमाचल के मनाली में दो मंजिला मकान में लगी भीषण आग, लाखों रुपये का नुकसान

मनाली। पर्यटन नगरी मनाली के समीप करजां गांव में वीरवार रात काष्ठकुणी शैली से बने मकान में आग लग गई। आग लगने से समस्त गांव में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।

छह लाख रुपये का नुकसान
देखते ही देखते आग ने मकान की ऊपरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की इस घटना में छः लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। रात लगभग सवा आठ बजे लगी आग से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मनाली व पतली कूहल से मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया।

50 लाख की संपत्ति को बचाया
आग से साथ लगते मकानों को बचाया गया। अगर आग पर समय रहते काबू नहीं पाया गया होता तो नुकसान और भी बढ़ जाता। हालांकि आग की घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं है। मकान निहाल चंद पुत्र चमन लाल का है। अग्निशमन विभाग मनाली के प्रभारी सरनपत ने बताया कि निहाल चंद को आग लगने से लगभग छः लाख का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि आसपास की लगभग 50 लाख की संपत्ति को बचाया गया है।