बिलासपुर: बिलासपुर सदर के अंतर्गत गांव कोसरिया में एक प्रवासी महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। महिला का शव घर के साथ बने पानी के टैंक के अंदर बंद अवस्था में पाया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोविंद राम पुत्र इंद्र देव, अपने दोनों भाइयों बंसी चौहान व गुड्डू तथा पत्नी गुड़िया देवी (36) के साथ गांव कोसरिया में रामलाल के मकान में किराए पर रह रहा था। सभी मूल रूप से गांव नोडिया लोहारसी, डाकघर लोहारसी, थाना पांकी नोहडिया, जिला पलामू (झारखंड) के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रवासी महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी
बताया जा रहा है कि महिला गुड़िया देवी का शव मकान के साथ बने टैंक के अंदर मिला, जबकि गोविंद राम और उसके दोनों भाई घटना के बाद से फरार हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को टैंक में छिपाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक संदीप धवल के निर्देश पर पुलिस दल और फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए सर्च अभियान तेज कर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।