सुक्खू सरकार का बड़ा एक्शन, हिमाचल में चार सरकारी डॉक्टरों को नौकरी से बर्खास्त किया

शिमला. हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार ने चार डॉक्टरों को नौकरी से निकाल दिया है. स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही बरतने पर चार डॉक्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है. ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर शिमला के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाणा और IGMC के चार डॉक्टरों पर गाज गिरी है. इस संबंध में स्वास्थ्य सचिव एम सुधा देवी की ओर से आदेश जारी किए गए हैं. आदेश के अनुसार, इन सभी डॉक्टरों की नौकरी से बिना जानकारी और अनुमति के गायब रहने पर नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है. अहम बात है कि अब ये सभी डॉक्टर दोबारा से नौकरी में नियुक्ति का दावा नहीं कर सकते हैं.

आदेशों के अनुसार, शिमला के आईजीएमसी अस्पताल के पीडियाट्रिक्स विभाग में तैनात रहे असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नवीन कुमार, शिमला के ही सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाणा के प्लास्टिक सजरी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. तुषार पटियाल, चमियाणा के सीटीवीएस विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विकास कुमार और चमियाणा सुपर स्पेशलिटी में कार्डियोलॉजी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कुणाल महाजन के खिलाफ एक्शन लिया गया है.

चामियाणा (शिमला) के सीटीवीएस विभाग में तैनात सहायक प्रोफेसर डॉ. विकास कुमार 31 जुलाई 2022 से बिना अनुमति ड्यूटी से गैरहाजिर थे. बताया जा रहा है कि डॉ. विकास कुमार ने 1 जुलाई 2022 को सरकार के पास आवेदन किया था कि एम्स बिलासपुर में एसोसिएट प्रोफेसर के पद उनका चयन हो गया है और ऐसे में लपराप उन्बें रिलीव करते हुए एनओली दे दे. हालांकि, 31 जुलाई 2022 से विकास ने ड्यूटी पर आना बंद कर दिया. डॉक्टर विकास की नियुक्ति 26 अप्रैल 2022 में हुई थी. उन्होंने सिर्फ 2 महीने 22 दिन ही नौकरी की और लगातार तीन वर्ष अबसेंट थे. 5 अगस्त 2025 को उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी किया गया, हालांकि, उनके लिखित जवाब को सरकार ने नहीं माना और क्योंकि उन्होंने बिना अनुमति एम्स बिलासपुर में जॉइन कर लिया था.

आदेश में कहा गया है कि उनकी लंबी अनुपस्थिति से विभाग में शैक्षणिक गतिविधियां, मरीजों की सेवाएं तथा यूजी-पीजी छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही थी. इसी आधार पर सक्षम अधिकारी की स्वीकृति से डॉ. विकास कुमार की सेवाएं 31 जुलाई 2022 से ही समाप्त मानी गई हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वे दोबारा इस पद पर पुनर्नियुक्ति या बहाली का दावा नहीं कर सकेंगे.