राजस्थान में घर से भागी लड़कियों ने आपस में ही कर ली शादी, मचा हड़कंप

इस खबर को शेयर करें

बीकानेर। राजस्थान के चुरू जिले में दो लड़कियों के बीच शादी का मामला सामने आया है। इसमें एक लड़की चुरू के रतनगढ़ और दूसरी हरियाणा की है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच एक साल पहले दोस्ती हुई थी। दोनों के परिवार के बीच रिश्तेदारी है। नवंबर 2021 में दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली। घरवालों को इस बारे में पता नहीं था, पिछले दिनों जब हरियाणा में पुलिस ने उन्हें पकड़ा तो लड़कियों ने शादी करने की बात का खुलासा किया।

घर से भागकर फतेहाबाद में की शादी
चुरू के रतनगढ़ पुलिस थाने के एएसआई जगदीश सिंह ने बताया कि रतनगढ़ और हरियाणा की रहने वाली लड़कियां रिश्तेदार हैं। 14 नवंबर को ममता नायक के पिता बंशीलाल नायक ने बेटी के लापता होने का मामला दर्ज करवाया था। तलाश करते-करते लड़की के हरियाणा में होने का पता चला। ममता के माता-पिता के साथ पुलिस वहां पहुंची तो दोनों ने बताया कि वे 12 नवंबर 2021 को घर से भागकर हरियाणा के फतेहाबाद में शादी कर चुकी हैं। आदमपुर पुलिस थाने में बेटी के साथ उसकी प्रेमिका भी थी। वहां दोनों ने खुलासा किया कि वे दोनों एक-दूसरे से प्यार करती हैं और शादी कर ली है। रतनगढ़ पुलिस 10 जनवरी को दोनों को पकड़कर लेकर आई। दोनों ने साथ रहने की इच्छा जताई। बालिग होने के कारण पुलिस ने दोनों को साथ जाने दिया। लड़कियां वापस हरियाणा चली गई हैं।

एक साल पहले दोस्ती प्यार में बदली
एएसआई ने बताया कि हरियाणा की रहने वाली 22 साल की कृष्णा एक साल पहले रतनगढ़ में अपनी बहन के ससुराल आई थी। उसकी बहन की 18 साल की ननद ममता के साथ दोस्ती हो गई। बातों और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं और फिर घर से भागकर फतेहाबाद में शादी कर ली। शादी के बाद दोनों हरियाणा के जींद में साथ रहने लगीं।

समलैंगिक के बनाए दस्तावेज
पुलिस के मुताबिक ममता नायक ने कहा कि वह स्वतंत्र जीवन जीना चाहती है। वहीं कृष्णा ने कहा कि वह और उसकी प्रेमिका एक-दूसरे से प्यार करती हैं और साथ रहना चाहती हैं। परिवार के साथ-साथ पुलिस और अधिकारियों ने दोनों को समझाया, मगर वे नहीं मानीं। एएसआई ने बताया कि लड़कियों ने हरियाणा में लिव इन रिलेशनशिप के कागज बनवाए हैं। इनके पास शादी संबंधी कोई दस्तावेज नहीं है।

पिता बोला- बेटी पर जादू-टोना किया
बेटी के इस कदम पर बंशीलाल नायक ने कहा कि मेरी बेटी पर किसी ने जादू-टोना किया है। समझाने पर भी नहीं मान रही है। मेरी बेटी ऐसी बिल्कुल नहीं थी। किसी के दबाव में आकर ऐसा कर रही है। वह जिद करके बैठी है कि हरियाणा उस लड़की के साथ जाएगी। बेटी सातवीं तक पढ़ी है।