मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के भोपा क्षेत्र में बेलडा गंगनहर पुल पर एक 16 वर्षीय किशोर ने नहर में छलांग लगा दी। घटना बुधवार सुबह की है जब किशोर ने अपना मोबाइल फोन पुल पर रखकर गहरे पानी में कूद गया। इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
मामा के घर आया था किशोर
पुलिस के अनुसार, किशोर की पहचान भोपा थाना क्षेत्र के नन्हेड़ी निवासी अलीसान पुत्र सोकीन के रूप में हुई है। अलीसान सुबह बेलडा में अपने मामा के घर आया था। वह कुछ देर बाद एक अन्य किशोर के साथ वापस जा रहा था। बेलडा गंगनहर पुल पर पहुंचते ही वह अपनी बाइक से उतरा और तुरंत नहर में छलांग लगा दी।
गोताखोरों ने नहर में शुरू की तलाश
मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोर की तलाश शुरू कर दी है। चौकी इंचार्ज सपन चौधरी ने बताया कि गोताखोरों की मदद से अलीसान की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने पुष्टि की कि किशोर के गंगनहर में कूदने की सूचना मिली है और परिजनों से बात की जा रही है। गोताखोरों द्वारा नहर में तलाश जारी है।