मुजफ्फरनगर में बैल-बोगी से टकराकर बाइक सवार नवविवाहित युवक की मौत

मुजफ्फरनगर। जनपद में घने कोहरे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। बरला-बसेड़ा मार्ग पर मंगलवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हृदय विदारक बात यह है कि मृतक की शादी महज एक माह पूर्व ही हुई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली सदर क्षेत्र के गांव लकड़संधा निवासी 24 वर्षीय विनय का विवाह एक महीने पहले पुरकाजी क्षेत्र के गांव मांडला निवासी वंदना के साथ हुआ था। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे विनय अपनी पत्नी वंदना को बाइक पर लेकर वापस अपने गांव लौट रहा था। बरला-बसेड़ा मार्ग पर रजबहे के पास घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक बैल-बोगी विनय को दिखाई नहीं दी और बाइक की बोगी से जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि विनय की मौके पर ही जान चली गई, वहीं वंदना गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में बोगी में जुते बैल का पैर भी टूट गया और बोगी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घायल वंदना को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। एक माह के भीतर ही घर का चिराग बुझने से लकड़संधा गांव में मातम पसरा हुआ है।