शामली में तेज रफ्तार थार बैंकेट हॉल के गेट में घुसी-मचा कोहराम

शामली। जनपद शामली में देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक थार गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक बैंकेट हॉल के गेट में जा घुसी। हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है।

यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के माजरा रोड स्थित एक बैंकेट हॉल के सामने की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात तेज रफ्तार थार अचानक संतुलन खो बैठी और सीधे बैंकेट हॉल के गेट से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भिजवाया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि इन दिनों शादी-विवाह का सीजन चल रहा है और गनीमत रही कि हादसे के समय बैंकेट हॉल के गेट पर कोई मौजूद नहीं था। यदि उस वक्त लोग वहां खड़े होते तो बड़ा हादसा और जनहानि हो सकती थी।

पूरी घटना बैंकेट हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।