मुजफ्फरनगर: यूपी के मुजफ्फरनगर में एक दिव्यांग ट्रैक्टर मिस्त्री सरफराज की शर्मनाक करतूत सामने आई है। वह अपनी दुकान के पास स्थित प्राइवेट स्कूल से लौटती छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करते हुए उनके सामने पैंट उतारने जैसी घिनौनी हरकतें करता था। एक छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 5 किलो गांजा भी बरामद हुआ है।
बुढ़ाना कस्बे में सरफराज अपनी ट्रैक्टर मरम्मत की दुकान चलाता है। दुकान के ठीक सामने एक प्राइवेट स्कूल है, जहां सैकड़ों छात्राएं पढ़ती हैं। आरोपी नाबालिग लड़कियों को रोककर छेड़ने के साथ ही जबरन उनके सामने कपड़े उतारने और अश्लील कृत्य करता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा था, लेकिन डर के कारण कोई बोलने को तैयार नहीं था। आखिरकार, एक छात्रा ने हिम्मत जुटाकर घरवालों को पूरी घटना बताई। परिजनों ने बिना देर किए बुढ़ाना कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दुकान पर मारा छापा
पुलिस ने तत्काल गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। दुकान पर छापा मारा, लेकिन आरोपी पहले ही फरार हो चुका था। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी, शनिवार को कांधला मार्ग पर चल रही चेकिंग के दौरान उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके झोले से 5 किलो गांजा बरामद हुआ। उसे ऑपरेशन सवेरा के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
क्या बोले सीओ बुढ़ाना
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपी सरफराज को गिरफ्तार कर उसके पास से 5 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं, अभिभावकों ने स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की है ताकि छात्राओं के छेड़छाड़ और ऐसी घिनौनी फिर कोई न हो।