मुज़फ्फरनगर। संभावित आपात परिस्थितियों और हवाई हमले जैसी स्थिति से निपटने के लिए शुक्रवार को स्थानीय डीएवी इंटर कॉलेज मैदान में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह मॉक ड्रिल नागरिक सुरक्षा आपदा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन एवं मुख्य अग्निशमन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुई।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य आम नागरिकों को युद्ध जैसी आपात स्थिति, विशेषकर अचानक हवाई हमले के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जैसे ही सायरन बजा, मैदान की समस्त लाइटें बंद कर दी गईं और पूर्ण ब्लैकआउट की स्थिति उत्पन्न की गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि ब्लैकआउट का मुख्य उद्देश्य दुश्मन को किसी भी प्रकार की रोशनी या लोकेशन की जानकारी मिलने से रोकना है, जिससे हवाई हमले का खतरा कम किया जा सके।
मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले और आग लगने की स्थिति में रेस्क्यू ऑपरेशन का लाइव प्रदर्शन भी किया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने सीढ़ी की सहायता से एक व्यक्ति को ऊँची इमारत से सुरक्षित बाहर निकाला और उसे एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। इस दौरान आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का भी अभ्यास कराया गया।