मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) 12 फरवरी को मुजफ्फरनगर के चरथावल ब्लॉक में एक बड़ी महापंचायत का आयोजन करेगी। इस महापंचायत में किसानों के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
भाकियू एनसीआर अध्यक्ष विकास शर्मा ने बताया कि चरथावल क्षेत्र में किसानों का उत्पीड़न हो रहा है। बिजली विभाग और पुलिस विभाग द्वारा किसानों को परेशान किया जा रहा है। इसके अलावा, आवारा पशुओं द्वारा किसानों की फसलों को बर्बाद किया जा रहा है, जिससे उन्हें भारी नुकसान हो रहा है।
महापंचायत की तैयारियों के तहत, जनपद मुजफ्फरनगर के विकासखंड चरथावल की न्याय पंचायत बिरालसी के ग्राम रोनी हरजीपुर में भाकियू की एक बैठक आयोजित की गई। एनसीआर अध्यक्ष विकास शर्मा ने क्षेत्र के गांवों में जनसंपर्क भी किया।
इसी क्रम में, पुरकाजी क्षेत्र में 26 जनवरी को चौधरी राकेश टिकैत के नेतृत्व में पुरकाजी चेयरमैन जहीर फारूकी द्वारा आयोजित होने वाली विशाल तिरंगा यात्रा को लेकर भी गांव-गांव संपर्क किया गया। बैठक में पवन त्यागी, नीतू त्यागी, नदीम अहमद, समंद राई, संजय प्रधान, रंजीत अंबेडकर, सुनील कुमार, जीशान प्रधान, कामिल नेताजी, याद इलाही, साजिद सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।