मुजफ्फरनगर में 3 करोड़ 9 लाख की साइबर ठगी, तीसरा आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर: थाना साइबर क्राइम पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिये करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के तीसरे सदस्य को गिरफ्तार किया है. पुलिस मामले में पहले ही दो ठगों को गिरफ्तार कर चुकी है. पुलिस ने अब तक 3 करोड़ 09 लाख 22 हजार रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा किया है.

एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ के मुताबिक, 09 अक्टूबर 2025 को नई मंडी निवासी वादी सचिन कुमार ने थाना साइबर क्राइम में लिखित तहरीर दी थी. पीड़ित ने अपनी शिकायत में कहा था कि फेसबुक के जरिये एक अज्ञात व्यक्ति से उनकी मित्रता हुई थी. जिसने उन्हें निवेश पर अधिक मुनाफा दिलाने का लालच दिया. अलग-अलग खातों में कुल 3 करोड़ 09 लाख 22 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए. इस मामले में 07 दिसंबर 2025 को दो आरोपी मौहम्मद माज और अम्बरीश मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था.

अब मंगलवार को पुलिस ने तीसरे अभियुक्त खालिद पुत्र इनामूलहक निवासी साईपुरम बस्ती थाना कोतवाली नगर बाराबंकी को गिरफ्तार किया है. अभियुक्त के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक वाईफाई राउटर बरामद किए गए है.

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अभियुक्त खालिद ने बताया कि वह बेरोजगार था. नौकरी की तलाश के दौरान साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़ गया. सोशल मीडिया पर फर्जी पेज बनाकर विभिन्न बैंक खातों से करोड़ों रुपये का लेन देन किया. अभियुक्त ने अब तक पचास से अधिक खातों से करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है. लगभग पचास लाख रुपये फ्रीज कर पीड़ित को वापस दिलाने की प्रक्रिया चल रही है.