मुजफ्फरनगर में 77वें गणतंत्र दिवस पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने किया ध्वजारोहण

मुजफ्फरनगर। जिले के पुलिस लाइन स्थित मैदान में आज 26 जनवरी को 77वां गणतंत्र दिवस बड़े धूमधाम और अनुशासन के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार पुलिस लाइन पहुंचे, जहां उनका एसएसपी संजय कुमार वर्मा और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने फूलों का बुके देकर स्वागत किया।

मंत्री अनिल कुमार ने ध्वजारोहण किया और आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े। इसके बाद सीओ सिटी सिद्धार्थ कुमार मिश्रा ने उन्हें परेड की सलामी दी। मंत्री ने मुजफ्फरनगर पुलिस की सभी कंपनियों की परेड का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों की कदमताल और अनुशासनपूर्ण परेड को सराहा।

कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने विभिन्न शाखाओं के अनुशासनपूर्ण प्रदर्शन के साथ परेड निकाली। इस अवसर पर हजारों नागरिक उपस्थित रहे। विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेता, किसान संगठन और सामाजिक कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को शासन द्वारा प्रदान किए गए गोल्ड, सिल्वर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह अनुशासित और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ और इसमें पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और जनता की सहभागिता दोनों ही दर्शाई दी।