जयपुर। रविवार को सीकर में पारा इतना गिरा कि बर्फ जम गई थी। राजस्थान के कई जिलों में हालात ऐसे ही थे। उत्तर भारत से चल रही बर्फीली हवाओं की वजह से राजस्थान में गलन बढ़ गई है। तीन शहरों में पारा माइनस में चला गया।जयपुर, नागौर, सीकर, हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में तापमान गिरने से बर्फ जम गई।
दिनभर प्रदेश में आसमान साफ रहा और तेज धूप भी निकली, लेकिन सर्द हवाओं ने धूप में भी कंपकपी को बरकरार रखा। राज्य में आज (सोमवार) से शीतलहर से थोड़ी राहत रह सकती है। आने वाले दिनों में एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा, जिसके असर से जयपुर सहित 18 जिलों में मौसम बदलेगा। इस दौरान कई जिलों में तेज आंधी चलने के साथ हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं।
अलवर में रविवार को शीतलहर चली। प्रदेश के एक को छोड़कर शेष सभी जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ।
पिछले 24 घंटे में सभी शहरों में आसमान साफ रहा। फतेहपुर (सीकर), नागौर, माउंट आबू (सिरोही) में पारा माइनस में दर्ज हुआ। 13 शहरों का पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। नागौर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, हनुमानगढ़, जयपुर समेत कई जिलों में रविवार सुबह ग्रामीण इलाकों में बर्फ जम गई।
गलनभरी इस सर्दी से राहत नहीं रही। राज्य में भले ही सभी शहरों में आसमान साफ रहा और तेज धूप रही, लेकिन सर्द हवाओं से ठिठुरन रही।
23 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा अधिकतम तापमान सर्द हवाओं का असर ये रहा कि राज्य में कल (रविवार) किसी भी शहर में दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक भी नहीं पहुंचा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 22.8 चित्तौड़गढ़ और 22.2 डूंगरपुर में दर्ज हुआ।
अजमेर में अधिकतम तापमान 21.2, जयपुर में 19.6, कोटा में 19.4, उदयपुर में 19.8, बाड़मेर में 20.4, जोधपुर में 20.6, जैसलमेर, बीकानेर में 17.6, चूरू में 19.1, श्रीगंगानगर में 19.3, पाली में 18.6 और अलवर में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।