How to apply for America Visa: अमेरिकी सरकार की तरफ से हाल ही में एच-1बी वीजा से जुड़े नियमों को बदलने से पूरी दुनिया में हलचल मच गई है. जिसके बाद अब अमेरिकी सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है, जिसमें वीजा प्रक्रिया में मेडिकल जांच को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं. इन नए नियमों के तहत अब वीजा के आवेदन करने वालों के स्वास्थ्य की पूरी जांच की जाएगी. इस जांच में अगर कोई व्यक्ति दिल, डायबिटीज या कैंसर जैसी किसी भी गंभीर बीमारी से ग्रसित पाया गया तो उसके लिए अमेरिकी वीजा हासिल करना बहुत मुश्किल हो सकता है.
क्यों लिया फैसला ?
अमेरिका में हेल्थ सुरक्षा और मेडिकल खर्च के चलते बढ़ रही चिंताओं को कम करने के लिए उड्डयन विभाग की तरफ से आदेश जारी किया गया है. इस आदेश में वीजा प्रक्रिया के तहत मेडिकल रिपोर्ट को अहम हिस्सा बनाया गया है. अमेरिका में आने वाले लोगों के लिए वीजा दो प्रमुख ग्रुप में बांटा गया है, इनमें गैर अप्रवासी वीजा और अप्रवासी वीजा शामिल हैं.
गैर-अप्रवासी वीजा
अगर बात करें गैर अप्रवासी वीजा की तो ये अस्थायी प्रवास के लिए जारी किया जाता है. इसमें बी 1 या बी2 यानी कि बिजनेस और टूरिस्ट वीजा शामिल है. इसके अलावा एफ 1 स्टूडेंट, एम 1 वोकेशनल कोर्स, जे 1 एक्सचेंज प्रोग्राम, डी क्रू मेंबर, ए डिप्लोमैट, आई मीडिया के लिए मिलने वाले वीजा हैं. साथ ही एच1बी, एच 2ए, एच2बी,एल 1 और ओ के अलावा पी वीजा भी अमेरिका की तरफ से दिए जाते हैं.
अप्रवासी वीजा
अमेरिका का अप्रवासी वीजा उन लोगों को दिया जाता है जो लंबे समय तक या स्थायी तौर पर अमेरिका में रहना चाहते हैं. इनमें अमेरिकी नागरिकों के पति/पत्नी, मंगेतर, विदेशों से गोद लिए बच्चे, धार्मिक कार्यकर्ता, अनुवादक, या काम के सिलसिले में आने वाले लोग शामिल होते हैं. इस श्रेणी के वीजा धारकों को आगे चलकर ग्रीन कार्ड भी मिल सकता है.
कैसे करें आवेदन ?
अब अगर आप अमेरिका के लिए वीजा आवेदन करना चाहते हैं तो आपको एक बड़ी प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा. सबसे पहले आपको अमेरिकी दूतावास की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर डीएस 160 फार्म भरना पड़ेगा. इसके बाद आपको जो वीजा चाहिए उसके लिए निर्धारित फीस का भुगतान करना पड़ेगा. फिर आपको इंटरव्यू के लिए तारीख और समय दिया जाएगा, जिसके लिए आपको तय समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अमेरिकी दूतावास पहुंचना होगा. हालांकि, अमेरिका की तरफ से वीजा नियमों में नए बदलाव के बाद स्वास्थ्य रिपोर्ट सबसे अहम भूमिका निभाएगी. ऐसे में उन लोगों को अमेरिका का वीजा मिलना मुश्किल हो सकता है जो गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं.