RTO नहीं लेडी सिंघम कहिए, मैडम ने पति की स्कूटी और अपनी सरकारी गाड़ी का काटा चालान

सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की आरटीओ सोना चंदेल इन दिनों सुर्खियों में हैं। लोग उन्हें लेडी सिंघम तक कह रहे हैं। इसके पीछे की वजह उनके द्वारा काटे गए दो चालान है। उन्होंने अपने ही सरकारी वाहन और अपने पति की स्कूटी का चालान किया है। इन दो चालानों की वजह से लोग उनकी तारीफ कर रही है। लोगों का कहना है कि मैडम ने ऐसा करते साबित कर दिया है कि कानून सबके लिए समान है। अब हम आपको बताते है कि मैडम ने अपने ही वाहनों का चालान क्यों और कब किया।

अपनी ही सरकारी गाड़ी का कर दिया चालान
दरअसल ये मामला पिछले महीना का है, जब आरटीओ सोना चंदेल सुबह के समय काला अंब क्षेत्र में वाहनों की नियमित चेकिंग पर निकली थीं। इस दौरान बैरियर स्टाफ भी निजी वाहनों का इस्तेमाल कर रहा था। जांच के दौरान उन्होंने कर्मचारियों से वाहनों के दस्तावेजों को लेकर सवाल किया। इसी दौरान उनके साथ मौजदू एक कर्मी ने धीमी आवाज में यह कह दिया कि मैडम, आपके सरकारी वाहन HP 63 C-7365 का प्रदूषण प्रमाणपत्र एक्सपायर हो चुका है। बस फिर क्या था, मैडम ने इतना सुनते ही अपनेसरकारी वाहन का 500 रुपये का चालान काट दिया। इसके बाद उन्होंने इस गाड़ी का तुरंत प्रदूषण प्रमाणपत्र भी बनवाया।

पति का काटा था 3000 रुपये का चालान
इससे पहले भी उन्होंने कुछ ऐसा किया था जिसके लिए उनकी वाहवाही हुई थी। तब उन्होंने हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट अभियान के दौरान अपने ही पति की स्कूटी 3,000 रुपये का चालान काट दिया था। जानकारी के अनुसार, मैडम ने ये राशि खुद अपनी जेब से अदा की थी। बता दें कि आरटीओ सोना चंदेल के काम रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 2024-25 में नियमों को तोड़ने वाले के जमकर चालान किए थे। इस दौरान उन्होंने नियम तोड़ने वाले के चालान करके करीब ढाई करोड़ रुपये सरकार के खजाने में जमा कराए थे।