राजस्थान के प्रतापगढ़ से रतलाम में आ रहा था एमडी ड्रग बनाने का केमिकल

रतलाम/ढोढर। ग्राम चिकलाना में एमडी ड्रग फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद बुधवार को आइजी उमेश जोगा मासिक बैठक के लिए रतलाम पहुंचे और अधिकारियों की बैठक ली। जांच में पता चला कि एमडी बनाने का केमिकल बड़ी मात्रा से राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के गांवों देवलजी, कोटड़ी, नौगावां आदि से आ रहा था। बुधवार को आरोपित दिलावर उर्फ मामा को पुलिस गांव में उसके मकान में लेकर पहुंची। इसके बाद उसके भांजे नदीम उर्फ राजू के मकान पर भी तलाशी लेने गई। नदीम कार्रवाई वाले दिन से गायब है।

आईजी उमेश जोगा ने बताया कि एमडी ड्रग फैक्ट्री मामले में आठ से दस आरोपितों को चिह्नित किया गया है। आरोपियों का राजस्थान के प्रतापगढ़ के गांव से कनेक्शन मिला है। इसके लिए राजस्थान पुलिस से संपर्क बनाकर नेटवर्क को उजागर किया जाएगा। एमडी बनाने का केमिकल बड़ी मात्रा में इन्हीं क्षेत्रों से चिकलाना में आने की बात सामने आई है।

एक माह पहले से पुलिस के पास इनपुट था, जिसकी पुष्टि करने के बाद कार्रवाई की गई है। आरोपितों का गुरुवार को रिमांड समाप्त हो रहा है। पुलिस की पूछताछ अभी बाकी है, इसलिए दिलावर समेत कई आरोपितों का पुलिस वापस रिमांड ले सकती है। वहीं याकूब के सिलसिले में राजस्थान पुलिस की भी रतलाम आने की संभावना है। दिलावर के भांजे की बेटी इंशा के बारे में पुलिस कुछ भी बताने से बच रही है।

एसपी का किया सम्मान
एमडी ड्रग फैक्ट्री पर किए प्रहार के बाद जिला अभिभाषक संघ की कार्यकारिणी ने एसपी अमिक कुमार को सम्मानित किया। इस दौरान अध्यक्ष राकेश शर्मा. सचिव चेतन केलवा, उपाध्यक्ष सुनील जैन, सहसचिव विरेन्द्र कुलकर्णी, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह पंवार, पुस्तकालय सचिव सुनीता वासनवाल, कार्यकारिणी सदस्य अनिल वर्मा, सतीष वर्मा, यशपाल कुमार कैथवास, भूपेन्द्र सिंह पंवार, सोमेश वर्मा मौजूद रहे।

अन्य जिलों में भी दबिश की तैयारी
आइजी ने बताया, रतलाम के बाद अन्य जिलों में भी इसी तरह की दबिश देकर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। 17 जनवरी को हुई इस कार्रवाई के दौरान आइजी उमेश जोगा, डीआइजी निमिष अग्रवाल और एसपी अमित कुमार तीनों लाइव कांफ्रेंस से जुड़े थे। मौके पर हुई हर हरकत को लाइव देख रहे थे और निर्देशित कर रहे थे।

राजस्थान पुलिस से समन्वय बैठाकर जल्द ही रतलाम पुलिस राजस्थान के इन गांवों तक पहुंच सकती है। एमडी बनाने का फार्मूला ये लोग कैसे जानते है? कैसे इसे सीखा है? इन बिंदुओं की जांच करेंगे। बड़ी मात्रा में केमिकल किन फैक्ट्रियों से आया है, इसकी जांच प्रमुखता से की जा रही है।

रउफ की विभागीय जांच जारी
आईजी ने बताया कि एमडी फैक्ट्री के मामले में 25 से अधिक आरोपित सामने आ रहे है। निलंबित एसआइ रउफ खान की आईडी और वर्दी मिलने की जांच की जा रही है। रउफ की पूर्व से ही विभागीय जांच जारी है। तस्करों से जुड़े तार मिलेंगे तो बर्खास्त करेंगे। आर्मी का कार्ड फर्जी है, जिसके लिए धारा बढ़ाई जा रही है।