साल 2026 में मकर संक्रांति कब है, 14 जनवरी या 15 जनवरी? इसी दिन से शुरू होंगे विवाह मुहूर्त

Makar Sankranti kab hai 2026 : मकर संक्रांति ऐसा पर्व है जिसका धार्मिक महत्‍व तो है ही ज्‍योतिष की नजर से भी यह बेहद अहम है. यह पर्व तब मनाया जाता है, जब ग्रहों के राजा सूर्य गोचर करके मकर राशि में प्रवेश करते हैं. आमतौर पर 14 जनवरी या 15 जनवरी के दिन सूर्य का मकर में गोचर होता है. इसलिए यह एकमात्र हिंदू पर्व है तो हिंदू कैलेंडर की तिथि के बजाय अंग्रेजी कैलेंडर की तारीख के अनुसार मनाया जाता है. सूर्य के मकर में गोचर के साथ ही धनु खरमास खत्‍म हो जाता है और 1 महीने से रुके शुभ-मांगलिक कार्य फिर से शुरू हो जाते हैं.

मकर संक्रांति के दिन खरमास का अंत
जब सूर्य धनु राशि में प्रवेश रहते हैं, तो उस एक महीने की अवधि को खरमास कहा जाता है. यह अवधि विवाह, गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्यों के लिए अशुभ मानी जाती है. खरमास 15 या 16 दिसंबर से प्रारंभ होकर 14 या 15 जनवरी को समाप्‍त होता है. इस साल खरमास 16 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 14 जनवरी 2026 को समाप्त होगा. लिहाजा 14 जनवरी को मकर संक्रांति मनाई जाएगी.

मकर संक्रांति से शुरू होंगी शादियां
2026 में मकर संक्रांति का पर्व 14 जनवरी, बुधवार को मनाया जाएगा. मकर संक्रांति के दिन पुण्‍य काल और महा पुण्‍यकाल को स्‍नान-दान के लिए सर्वोत्‍तम माना जाता है. साल 2026 में मकर संक्रांति का पुण्यकाल मुहूर्त 14 जनवरी की दोपहर 02 बजकर 49 मिनट से शाम 05 बजकर 45 मिनट तक रहेगा. महापुण्य काल मुहूर्त दोपहर 02 बजकर 49 मिनट से 03 बजकर 42 मिनट तक रहेगा. साथ ही 14 जनवरी यानी मकर संक्रांति के दिन से शुभ-मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी होगी.

साल 2026 में शुभ विवाह मुहूर्त
जनवरी 2026 में विवाह मुहूर्त – जनवरी में 14 जनवरी तक खरमास है और इसके बाद बाकी के दिनों में शुक्र तारा अस्‍त रहेगा. जिससे विवाह नहीं हो सकेंगे. हालांकि बसंत पंचमी को विवाह के लिए अबूझ मुहूर्त माना गया है, लिहाजा 23 जनवरी को बिना मुहूर्त निकाले शादियां की जा सकेंगी. लेकिन शुक्र तारा अस्‍त रहने पर शादी करने से बचना चाहिए, वरना वैवाहिक जीवन में समस्‍याएं आती हैं.

फरवरी 2026 विवाह का मुहूर्त – 5, 6, 8, 10, 12, 14, 19, 20, 21, 24, 25 और 26 फरवरी.
मार्च 2026 विवाह का मुहूर्त – 1, 3, 4, 7, 8, 9, 11 और 12 मार्च.
अप्रैल 2026 विवाह का मुहूर्त – 15, 20, 21, 25, 26, 27, 28 और 29 अप्रैल.
मई 2026 विवाह का मुहूर्त – 1, 3, 5, 6, 7, 8, 13, 14 मई.
जून 2026 विवाह का मुहूर्त – 21, 22, 23, 24, 25, 26, 27, 29 जून.
जुलाई 2026 विवाह मुहूर्त- 1, 6, 7, 11 जुलाई .
नवंबर 2026 विवाह का मुहूर्त – 21, 24, 25 और 26 नवंबर.
दिसंबर 2026 विवाह का मुहूर्त – 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 दिसंबर.