हरियाणा में दिल दहलाने वाला हादसा, शोरूम मैनेजर को टक्कर मार तेज रफ्तार कार ने बाइक को 1 किलोमीटर तक घसीटा

इस खबर को शेयर करें

गुरुग्राम: दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में दिल दहलाने वाला हादसा सामने आया है। यहां तेज रफ्तार कार सवार ने बाइक सवार शोरूम मैनेजर को टक्कर मार दी। इसके बाद कार में फंसी बाइक को करीब 1 किलोमीटर तक घसीटा। यह घटना सोमवार देर रात 11 बजकर 10 मिनट पर हुई। हादसे के बाद ईवी नेक्सान कार सवार कार को मौके पर छोड़कर भाग गया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात शोरूम मैनेजर संजय बाइक से घर लौट रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को रौंद दिया। इस दौरान वह साइड में गिर गए जबकि बाइक कार में फंस गई। बाइक को कार सवार घसीटते हुए ले गए। हालांकि कुछ देर जाकर कार सवार कार को वहीं छोड़कर भाग गए। सीसीटीवी में तेज रफ्तार कार बाइक को घसीटते हुए कैद हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उधर, हादसे के बाद घायल संजय को राहगीरों ने हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।