Apollo Tyres Share Price: अपोलो टायर्स (Apollo Tyres) के शेयर में मंगलवार को करीब 2% की तेजी दर्ज की गई. शेयर में तेजी की खबर उस अपडेट के बाद आई जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपोलो टायर्स को इंडियन क्रिकेट टीम का नया स्पॉन्सर घोषित किया. शेयर बाजार बंद होने से कुछ मिनट पहले शेयर 479.45 रुपये से बढ़कर 490.80 रुपये के हाई लेवर पर पहुंच गया. कारोबारी सत्र के अंत में शेयर 486.80 रुपये पर बंद हुआ जो एक दिन में शेयर में 7.50 रुपये (1.56%) की तेजी है.
हर मैच के बदले BCCI को 4.5 करोड़ देगी अपोलो टायर्स
अपोलो टायर्स (Apollo Tyres) को 2027 तक भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी का स्पॉन्सर चुना गया है. यह डील बीसीसीआई (BCCI) की तरफ से ड्रीम11 (Dream 11) के साथ कॉन्ट्रैक्ट खत्म किये जाने के बाद हुआ है. ड्रीम11 (Dream 11) का कॉन्ट्रैक्ट इसलिए कैंसिल किया गया क्योंकि सरकार ने सट्टेबाजी से जुड़े ऐप पर बैन लगा दिया. नई डील के तहत अपोलो टायर्स (Apollo Tyres) अब बीसीसीआई को हर मैच के एवज में 4.5 करोड़ रुपये देगी. यह डील ड्रीम11 के साथ प्रति मैच 4 करोड़ रुपये की थी. इस डील के दम पर अपोलो टायर्स को ग्लोबल लेवल पर बड़ी पहचान मिलेगी, क्योंकि भारतीय क्रिकेट टीम का इंटरनेशनल कैलेंडर बहुत व्यस्त है.
ड्रीम11 का कॉन्ट्रैक्ट क्यों हुआ रद्द?
ड्रीम11 (Dream 11) मेन (men’s) एशिया कप से भारतीय क्रिकेट टीम का टाइटल स्पॉन्सर नहीं रहा. सरकार ने हाल ही में ऑनलाइन गेमिंग को रेग्युलेट करने वाला कानून पास किया. इसके तहत सट्टेबाजी वाले गेम्स पर रोक लगाई गई है. इस कानून में कहा गया कि कोई भी शख्स ऑनलाइन मनी गेमिंग सर्विस नहीं दे सकता और न ही ऐसे गेम्स का प्रचार कर सकता है. ड्रीम11 (Dream 11) और माय11सर्कल (My11Circle) ने बीसीसीआई (BCCI) को क्रिकेट टीम और आईपीएल के स्पॉन्सरशिप से करीब 1,000 करोड़ रुपये दिए थे.
टायर बनाने वाली कंपनी के लिए बड़ा मौका
ड्रीम11 (Dream 11) के बाद अपोलो टायर्स (Apollo Tyres) के हाथ लगी यह डील टायर बनाने वाली कंपनी के लिए बड़ा मौका है. भारतीय क्रिकेट की लोकप्रियता के कारण कंपनी को ग्लोबल लेवल पर ब्रांड वैल्यू बढ़ाने का मौका मिलेगा. यह भारतीय क्रिकेट के हाल के सालों में सबसे बड़ी स्पॉन्सरशिप डील में से एक है. टीम इंडिया एशिया कप 2025 बिना स्पांसर के ही खेल रही है. इसके अलावा इंडियन वुमेन टीम भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज में बिना स्पांसर उतरी है.
अपोलो टायर्स के शेयर का हाल
बीसीसीआई (BCCI) से कॉन्ट्रैक्ट के बाद अपोलो टायर्स के शेयर में मंगलवार को करीब दो प्रतिशत की तेजी देखी गई. कंपनी का शेयर सुबह के सत्र में 479.45 रुपये पर ओपन होने के बाद 490.80 रुपये के इंट्रा डे हाई लेवल तक गया. बाद में यह 486.80 रुपये पर बंद हुआ. शेयर के 52 हफ्ते के हाई लेवल की बात करें तो यह 584.65 रुपये का है. इसके अलावा 52 हफ्ते का लो लेवल 368 रुपये का है. मंगलवार को कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 30,916 करोड़ रुपये हो गया.