अरविंद केजरीवाल की गैरहाजिरी में सुनीता को बड़ी जिम्मेदारी, AAP के लिए मांगेंगी वोट, रोड-शो का भी प्लान

Sunita has a big responsibility in the absence of Arvind Kejriwal, will seek votes for AAP, also planning a road show
Sunita has a big responsibility in the absence of Arvind Kejriwal, will seek votes for AAP, also planning a road show
इस खबर को शेयर करें

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अनुपस्थिति में उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल आम आदमी पार्टी के प्रचार अभियान की कमान संभालेंगी। वह इस सप्ताह के अंत में दिल्ली में एक रोड शो कर सकती हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि सीएम केजरीवाल की गैरहाजिरी में सुनीता केजरीवाल लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार करेंगी। वो आम आदमी पार्टी की ओर से गुजरात के लिए जारी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल हैं। उधर, दिल्ली एक्साइज पॉलिसी केस में अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत सात मई तक बढ़ा दी गई है।

केजरीवाल की गैरहाजिरी में सुनीता करेंगी प्रचार
प्रवर्तन निदेशालय की ओर से दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के जेल जाने की वजह से पार्टी का चुनाव-प्रचार अभियान बहुत प्रभावित हुआ है। ऐसे में सुनीता केजरीवाल उनकी अनुपस्थिति में चुनाव-प्रचार को गति देने के लिए खुद रोड शो करेंगी। ऐसी जानकारी मिल रही कि सुनीता केजरीवाल दिल्ली की चार लोकसभा सीटों पर रोड शो करेंगी।

दिल्ली में रोड-शो के जरिए AAP के लिए मांगेंगी वोट
दिल्ली के मुख्यमंत्री की न्यायिक हिरासत सात मई तक बढ़ा दी गई है। पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि मुख्यमंत्री की पत्नी आने वाले वीकेंड में कोंडली विधानसभा सीट पर अपना पहला रोड शो करेंगी। यहां से मौजूदा विधायक कुलदीप कुमार पार्टी के टिकट पर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से मैदान में उतरे हैं। सुनीता दिल्ली में AAP की दावेदारी वाली अन्य तीन लोकसभा सीटों पर भी रोड शो करेंगी।

पंजाब-गुजरात में भी प्रचार करेंगी सुनीता केजरीवाल
दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लोकसभा चुनाव लड़ रही आप ने पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और नई दिल्ली सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं कांग्रेस ने उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली और चांदनी चौक सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। सूत्रों ने बताया कि सुनीता गुजरात और पंजाब में भी आप के उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार करेंगी। उनका नाम गुजरात के लिए पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची में भी शामिल है।