हरियाणा में 4 दिन मानसून पर ब्रेक: 20 से फिर होगी बारिश

इस खबर को शेयर करें

हरियाणा में अब 4 दिन मानसून पर ब्रेक लग गया है। मौसम विभाग द्वारा किसी भी जिले के लिए अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस दौरान बारिश की आशंका काफी कम है। 20 अगस्त से फिर से बारिश के आसार बने हुए हैं। इस बार अगस्त में मानसून काफी कमजोर रहा। राज्य में 1 अगस्त से अब तक 32.4 MM बारिश हुई है, जबकि सामान्य रूप में 62.6 एमएम बारिश होती है, जो सामान्य से 53% कम है।

कम बारिश का असर सीधे किसानों पर पड़ा है। कम बारिश के कारण 9.8 लाख एकड़ खरीफ की फसल की बिजाई नहीं हो पाई है।

आज इन जिलों में बारिश के आसार
15 अगस्त को उत्तर हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बरसात होने की संभावना जताई गई है। दक्षिण और दक्षिण-पूर्व हरियाणा के महेंद्रगढ़ रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत में गरज-चमक के साथ बरसात होगी।

वहीं पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी में मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक गरज-चमक के साथ बारिश होगी.

9.8 लाख एकड़ की नहीं हो पाई बिजाई
हरियाणा में अगस्त में हुई कम बारिश का सीधा असर खरीफ फसलों की बिजाई पर पड़ा है। अब तक हरियाणा में 26.92 लाख हेक्टेयर में खरीफ फसलों की बिजाई हो चुकी है। बिजाई का लक्ष्य 30.95 लाख हेक्टेयर है। यानी 9.8 लाख एकड़ खरीफ की बिजाई बाकी है। धान की 12.58 लाख हेक्टेयर रकबे में रोपाई हो चुकी है।

75% हो चुकी मानसून बारिश
हरियाणा में मानसून का 75% कोटा पूरा हो चुका है। मानसून सीजन में अब तक 347.2 MM बारिश हो चुकी है। यह 266.5 MM से करीब 30% ज्यादा है। मानसून सीजन में हरियाणा में 460 MM बरसात होती है। अगस्त में बारिश कम होने के कारण बिजली की खपत भी बढ़ी है। 12 अगस्त तक सूबे में बिजली की डिमांड 25.32 करोड़ यूनिट तक पहुंच गई है।