यूपी पंचायत चुनाव: सीएम योगी ने किया चुनाव आयोग भवन का शिलान्यास

लखनऊ. सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि यूपी में त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था में लगभग 12 करोड़ मतदाता मतदान में भाग लेते हैं, जो किसी अन्य राज्य की कुल आबादी से अधिक है. वर्तमान में प्रदेश में 57,600 ग्राम पंचायतें, 826 क्षेत्र पंचायतें और 75 जिला पंचायतें हैं. इसके अलावा 17 नगर निगम, 199 नगर पालिकाएं और 544 नगर पंचायतें भी हैं, जिनके साथ 14,000 से अधिक पार्षदों के चुनाव की जिम्मेदारी राज्य निर्वाचन आयोग ही निभाता है.

यह बातें मुख्यमंत्री ने लखनऊ के अवध विहार योजना, शहीद पथ में उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के अत्याधुनिक कार्यालय भवन का शिलान्यास के मौके पर कही. उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग का स्वयं का भवन होना लोकतंत्र की मजबूती की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है. उन्होंने सीएम ने यह भी कहा कि जब भारत को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र कहा जाता है, तो इसमें उत्तर प्रदेश की विशाल और जटिल चुनावी प्रक्रिया की अहम भूमिका रहती है. यही कारण है कि आयोग का स्वायत्त और आधुनिक भवन होना न केवल सुविधा बल्कि लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नया भवन न केवल आयोग के कामकाज को तेज और पारदर्शी बनाएगा, बल्कि पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों की विशाल प्रक्रिया को और अधिक सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद करेगा. उन्होंने यह भी बताया कि भवन का निर्माण लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है और यह 2618.59 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फैला होगा. इसमें स्टिल्ट फ्लोर सहित कुल छह मंजिलें होंगी. सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए छत पर 25,000 लीटर क्षमता का आरसीसी टैंक और भूमिगत स्तर पर एक लाख लीटर क्षमता का अंडरग्राउंड टैंक स्थापित किया जाएगा.