यूपी के सीएम योगी मॉडल की तर्ज पर मुंबई में क्यों शुरू हुई बुलडोजर कार्रवाई?

इस खबर को शेयर करें

मुंबई: महाराष्ट्र के मुंबई में उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की तर्ज पर बुलडोजर एक्शन सामने आया है। प्रशासन ने मायानगरी मुंबई की मीरा रोड पर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने का बड़ी कार्रवाई शुरू की है। हाल के सालों में यह पहला मौका है जब मुंबई योगी मॉडल की तर्ज पर बुलडोजर एक्शन हुआ है। भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच में मीरा रोड पर अवैध निर्माणों को धवस्त किया गया। अयोध्या राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए पूरा देश जब आतुरता के साथ इंतजार कर रहा था, तब मुंबई की मीरा रोड के नया नगर इलाके में निकाली गई राम मंदिर शोभायात्रा पर हमले की घटना सामने आई थी। प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में महज 48 घंटे के अंतराल पर इस इलाके में बुलडोजर एक्शन लिया है। यह कार्रवाई मीरा भायंदर कॉरपोरेशन (Mira Bhayander Municipal Corporation) की तरफ से की गई है।

क्याें हुआ बुलडोजर एक्शन?
मुंबई के मीरा रोड (Mira Road) पर आने वाले नया नगर में राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा से एक दिन पहले हिंसा की घटना हुई थी। या नगर में बाइक पर जा रहे कुछ युवकों को दूसरे समुदाय के लोगों ने जबरन रोक कर मारपीट की थी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था। जिसमें एक लड़के के सिर और गर्दन से खून निकल रहा था। इसके बाद मीरा रोड के आसपास के इलाकों में तनाव फैल गया था। सरकार को इलाके में स्थिति को संभालने के बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी थी। राम मंदिर शोभायात्रा के वाहनों पर पथराव और तोड़फोड़ राज्य के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तक पहुंचा था।

भारी पुलिस बल के बीच कार्रवाई
राम मंदिर शोभायात्रा पर हमले की घटना के बाद इस इलाके में अवैध निर्माणों को तोड़ा जा रहा है। उपद्रव की घटना में शामिल लोगों की सीसीटीवी फुटेज से पहचान भी की गई है। प्रशासन की तरफ ऐसे निर्माणों को तोड़ा जा रहा है जहां से पत्थ्यरबाजी हुई और वे अवैध भी हैं। मौके पर भारी मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की गई है। उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

धमकी देने वाले को किया अरेस्ट
मीरा रोड (Mira Road) हिंसा के मामले में एक शख्स वीडियो बनाकर खुलेआम धमकी दी थी। पुलिस ने उस शख्स को भी अरेस्ट किया है। इसमें युवक ने राम मंदिर शोभायात्रा निकाल रहे युवकों को धमकी दी थी कि वे मुंबई को यूपी और बिहार न समझें। इसमें शोभायात्रा निकाल रहे लोगों के बारे में काफी अनाप-शनाप बातें कही थीं। पुलिस ने अब शोभायात्रा पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने इस नया नगर थाने में मामल दर्ज करने के बाद चार नाबालिगों समेत 13 को अरेस्ट किया था। इसमें वीडियो जारी करने वाले शख्स की गिरफ्तारी भी शामिल है।