हरियाणा में महिला ने खुद को बाथरूम में बंद कर मारी गोली, मौत, मचा हड़कंप

इस खबर को शेयर करें

हरियाणा के जींद शहर के सेक्टर-11 में रविवार को सुबह आठ बजे बाथरूम में अपने आपको बंद करके एक महिला ने अपने आपको गोली मारकर आत्महत्या कर ली। रिवाल्वर महिला का खुद का था और बाथरूम का अंदर से दरवाजा बंद था। घटना की सूचना पाकर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर उसके पति अमित, ससुर राजेंद्र, सास कमला के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बच्चों को लेकर स्टेडियम में गया हुआ था मृतका का पति
पिल्लूखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव भंभेवा हाल आबाद सेक्टर-11 निवासी अमित की पत्नी 31 वर्षीय मीनू रविवार सुबह बाथरूम में मृत पाई गई। मीनू के माथे में गोली लगी हुई थी और बाथरूम अंदर से बंद था। नजदीक ही उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर पड़ी हुई थी। घटना के दौरान मीनू का पति अमित बच्चों को लेकर स्टेडियम में गया हुआ था। वापस लौटने के बाद घटना की आशंका हुई और घटना के बारे में मृतका के मायका पक्ष तथा सिविल लाइन थाना पुलिस को अवगत करवाया।

मृतका के परिजनों का आरोप-मीनू ने परेशानी के चलते उठाया यह कदम
सूचना मिलते ही डीएसपी जोगेंद्र फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और हालातों का जायजा लिया। मृतका के पिता रोहतक जिले के गांव मायना निवासी जयभगवान ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी की शादी लगभग 13 साल पहले अमित के साथ हुई थी। अमित तथा उसके परिजन मीनू को परेशान करते थे। बार-बार परेशान करने के चलते मीनू ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली।

मृतका के परिजनों ने ससुरालजनों के खिलाफ शिकायत दी है। उसके आधार पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है। -बलजीत सिंह, जांच अधिकारी