नई दिल्ली: पिछले पांच साल से फरार हत्या के 73 वर्षीय एक अपराधी को बिहार से गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। आरोपी की पहचान बिहार के समस्तीपुर जिले के कलवारा गांव निवासी रामचंद्र सहनी के रूप में हुई है। अधिकारी ने कहा कि सहनी को 12 नवंबर, 2018 को दो सप्ताह के लिए रिहा किया गया था, वह तब से फरार चल रहा था। विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध शाखा) रवींद्र सिंह यादव ने कहा कि पैरोल जंप करने वाले साहनी की आवाजाही के संबंध में विशेष इनपुट मिला था, जिसके बाद एक पुलिस टीम का गठन किया गया और उसे पकड़ लिया गया। यादव ने कहा कि टीम ने पैतृक गांव में एक तलाशी अभियान चलाया और उसे पकड़ा।
दिल्ली में मर्डर कर फरार बिहार का आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ के दौरान साहनी ने खुलासा किया कि मई 2009 में वह आनंद विहार थाने के इलाके में अपनी बहन गीता और जीजा राजेंद्र शाह के साथ रहने लगा। अधिकारी ने बताया, उसकी बहन गीता ने अंतरजातीय विवाह किया था और वह इस विवाह से खुश नहीं था। उसने अपने जीजा राजेंद्र शाह को कुल्हाड़ी से वार कर मार डाला था। इस संबंध में एक मामला आनंद विहार पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया।
भोजपुर में दहेज के लिए युवती की हत्या
बिहार में भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के धनगावां गांव में एक विवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। इसके पश्चात पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार मृतका तरारी थाना क्षेत्र के थाना क्षेत्र के धनगावां गांव निवासी राजू साह की 24 वर्षीया पत्नी रेखा देवी है। इधर मृतका के भाई पवन कुमार ने बताया कि रोहतास जिला के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के बिक्रमगंज गांव निवासी उसके पिता रामचंद्र प्रसाद गुप्ता ने उसकी बहन रेखा देवी की शादी तरारी थाना क्षेत्र के धनगावां गांव निवासी जयराम साह के पुत्र राजू साह से 15 अप्रैल वर्ष 2017 में लेनदेन एवं पूरे हिंदू रीति रिवाज के साथ की थी। उस समय लड़का बाहर रहा करता था और पर उसके परिवार वालों द्वारा बताया गया था कि लड़का सुपरवाइजर के पद पर प्राइवेट कंपनी में काम करता है। शादी के कुछ दिन बाद से ही उसके पति एवं ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करने लगे। यही नहीं उसके पति एवं ससुराल वाले एक लाख रुपए की मांग भी करने लगे। आरोप है कि दहेज के लिए ही रेखा की हत्या कर दी गई।