Share Market holiday: महाराष्ट्र सरकार ने एक अहम फैसला लेते हुए 8 सितंबर 2025 (सोमवार) को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है. यह घोषणा मुख्यमंत्री कार्यालय की मंजूरी के बाद सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी अधिसूचना के माध्यम से की गई. दरअसल, मुस्लिम समुदाय ने इस साल ईद-ए-मिलाद की जुलूस 8 सितंबर को निकालने का निर्णय लिया है. वहीं, 6 सितंबर को गणेश विसर्जन (अनंत चतुर्दशी) होने के चलते यह बदलाव किया गया ताकि दोनों बड़े पर्व शांतिपूर्ण और सामंजस्यपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें.
लेकिन इस घोषणा के बाद इन्वेस्टर्स के मन में सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया कि क्या सोमवार को शेयर बाजार भी बंद रहेगा? खासतौर पर इसलिए क्योंकि मुंबई शहर और उसके उपनगरों में यह अवकाश लागू होगा और यही देश की फाइनेंशियल कैपिटल भी है.
सोमवार को शेयर बाजार खुला रहेगा
स्पष्ट कर दें कि सोमवार, 8 सितंबर 2025 को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) दोनों में ट्रेडिंग सामान्य रूप से होगी. इन्वेस्टर्स के बीच भ्रम से बचने के लिए सलाह दी जा रही है कि वे BSE की आधिकारिक वेबसाइट (bseindia.com) पर उपलब्ध Trading Holidays 2025 की लिस्ट जरूर देखें. इस सूची में सितंबर 2025 में किसी भी दिन शेयर बाजार अवकाश घोषित नहीं है.
सितंबर में नहीं कोई बाजार अवकाश
2025 के कैलेंडर के मुताबिक सितंबर महीने में इन्वेस्टर्स के लिए किसी तरह का ट्रंकेटेड ट्रेडिंग वीक नहीं होगा. यानी शनिवार-रविवार की सामान्य छुट्टियों को छोड़कर पूरा महीना ट्रेडिंग सेशन नॉर्मल रहेगा.
अक्टूबर और उसके बाद के अवकाश
सितंबर के बाद अक्टूबर में तीन बड़े अवकाश हैं
* 2 अक्टूबर 2025 : महात्मा गांधी जयंती / दशहरा
* 21 अक्टूबर 2025 : दिवाली (लक्ष्मी पूजन)
* 22 अक्टूबर 2025 : दिवाली बलिप्रतिप्रदा
इसके बाद 2025 में दो और अवकाश होंगे
* 5 नवंबर 2025 : प्रकाश गुरपुरब श्री गुरु नानक देव जी
* 25 दिसंबर 2025 : क्रिसमस
इन्वेस्टर्स के लिए संदेश
पिछले हफ्ते (5 सितंबर, शुक्रवार) बाजार सपाट बंद हुआ था. सेंसेक्स 7 अंक गिरकर 80,710 पर और निफ्टी 7 अंक बढ़कर 24,741 पर बंद हुआ. विदेशी पूंजी की बिकवाली, ट्रंप टैरिफ और वैश्विक अनिश्चितताओं ने इन्वेस्टर्स की धारणा पर दबाव डाला है.