गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बीच खटपट की खबरें आती रही हैं. सुनीता आहूजा अक्सर उनके खिलाफ कुछ-न-कुछ कहती हैं. वे कभी उनके एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर पर बोलती हैं, तो कभी बेटे को सपोर्ट करने पर झुंझलाहट जाहिर करती हैं. कपल के बीच तनाव भरी बातों से उनके तलाक की अफवाहों को बल मिला. नेटिजेंस भी उनके रिश्ते को लेकर तरह-तरह के दांवे करते रहते हैं. इस बीच, सुनीता आहूजा का एक दिलचस्प बयान वायरल हो रहा है, जिसमें वह प्रोपर्टी को लेकर बात कर रही हैं.
नई दिल्ली: गोविंदा भले फिल्मों में एक्टिव नहीं हैं, मगर उनके चाहनेवालों की कमी नहीं है. हालांकि, सुपरस्टार आजकल अपनी निजी जिंदगी के चलते सुर्खियों में बने रहते हैं, जिसकी वजह उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बेबाक बयान हैं. सुनीता के बयानों से उनके बीच मतभेद साफ झलकता है, इसलिए सोशल मीडिया पर उनके तलाक की अफवाहें भी जोर पकड़ती हैं. इन तमाम अफवाहों के बीच, सुनीता आहूजा ने बताया कि वे अपनी सारी प्रॉपर्टी किसके नाम करना चाहती हैं.
गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने मजाकिया लहजे में एक ऐसी बात कह दी, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. सुनीता ने पैपराजी के सामने मजाक-मजाक में ऐलान कर दिया कि वह अपनी पूरी जायदाद अपने बच्चों के बजाय अपने पालतू कुत्ते के नाम करने वाली हैं. मुंबई एयरपोर्ट पर जब सुनीता आहूजा अपने छोटे और प्यारे डॉगी के साथ स्पॉट हुईं, तो फोटोग्राफर्स ने उन्हें घेर लिया. सुनीता बड़े ही मजेदार मूड में उनसे बातचीत करने लगीं. उन्होंने मीडिया के सामने अपने डॉग पर खूब प्यार लुटाया और फिर उसे बड़े आराम से अपनी कार की अगली सीट पर बैठा दिया.
सुनीता ने अपने डॉगी को दुलारते हुए मुस्कुराकर कहा, ‘मैं तो अपनी सारी प्रॉपर्टी इसी के नाम कर दूंगी.’ उनकी यह बात सुनते ही वहां मौजूद सभी फोटोग्राफर्स हंस पड़े. सुनीता का अपनी वसीयत को लेकर यह मजाकिया बयान अब इंटरनेट पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है और लोग इस पर तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं.
सुनीता की यह बात सुनकर एक फोटोग्राफर खुद को रोक नहीं पाया और उसने तुरंत चुटकी लेते हुए पूछा, ‘मैडम, अगर आप सब इसके नाम कर देंगी, तो फिर कृष्णा भैया का क्या होगा? उन्हें क्या मिलेगा?’ फोटोग्राफर का इशारा गोविंदा के भांजे और मशहूर कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक की तरफ था, जिनके साथ हाल में उनके रिश्ते सुधरे हैं.
सुनीता ने सवाल पर बहुत ही दिल छू लेने वाला जवाब दिया. उन्होंने कहा कि कृष्णा उनका बेटा है और उसके पास पहले से ही सब कुछ है. सुनीता ने आगे कहा, ‘अब तो मुझे खुद कृष्णा से पैसे और प्रॉपर्टी लेनी है. वह मुझसे भी बहुत बड़ा और कामयाब इंसान बनेगा. जब तक मैं जिंदा हूं, मेरी दुआएं उसके साथ हैं और वह हमेशा तरक्की करेगा.’
टीवी शो ‘लाफ्टर शेफ्स फन अनलिमिटेड’ के सेट पर एक चमत्कारी मोमेंट देखने को मिला था. शो के दौरान सुनीता आहूजा और उनके भांजे कृष्णा अभिषेक के साथ-साथ उनकी पत्नी कश्मीरा शाह के बीच चल रहा सालों पुराना मनमुटाव हमेशा-हमेशा के लिए खत्म हो गया था.
शो के दौरान जब सुनीता अचानक स्टेज पर आईं, तो अपनी मामी को सामने देखकर कृष्णा बेहद इमोशनल हो गए थे. उन्होंने पुरानी सारी कड़वाहट को भुलाकर कैमरे के सामने अपनी मामी से रोते हुए माफी मांगी थी. इसके जवाब में सुनीता ने भी बड़ा दिल दिखाते हुए कृष्णा को गले लगा लिया और कहा कि वह उनका बेटा है और मां कभी बच्चों से नाराज नहीं रहती.
गोविंदा के परिवार का यह विवाद कोई नया नहीं था, बल्कि सुनीता, कृष्णा और कश्मीरा के बीच पिछले 14 साल से अनबन चल रही थी. यह झगड़ा कई बार पब्लिक प्लेटफॉर्म और इंटरव्यू में भी सामने आया था. कृष्णा, गोविंदा की बड़ी बहन के बेटे हैं, इसलिए इस पैचअप के बाद अब पूरे परिवार ने राहत की सांस ली है. सब पुरानी बातें भूलकर आगे बढ़ चुके हैं.