सावधान! दिल्ली-एनसीआर में आज फिर आंधी-बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी

इस खबर को शेयर करें

नई दिल्ली। दिल्ली- एनसीआर में आज एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। एनसीआर के कई इलाकों में शुक्रवार शाम तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसको लेकर मौसम विभाग ने गुरुवार को येलो अलर्ट जारी किया है।

देश के कई हिस्सों में लू जैसी स्थितियां बनी हुई हैं। वहीं, दिल्ली में आए दिन मौसम में हो रहे बदलाव के कारण पारा फिलहाल 40 डिग्री से नीचे बना हुआ है। गुरुवार को भी मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।

रिज मौसम केंद्र में सबसे अधिक तापमान 40.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को दिन के समय गर्मी रहेगी, लेकिन शाम या रात के समय कई जगहों पर तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

प्रदूषण के स्तर में इजाफा : हवा में धूल कणों की मात्रा बढ़ने के चलते राजधानी में प्रदूषण के स्तर में हल्का इजाफा हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, गुरुवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 199 पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है।

उल्लेखनीय है कि, शून्य और 50 के बीच एक AQI को “अच्छा”, 51 और 100 के बीच “संतोषजनक”, 101 और 200 के बीच “मध्यम”, 201 और 300 के बीच “खराब”, 301 और 400 के बीच “बहुत खराब” और 401 और 500 के बीच “गंभीर” माना जाता है।

बारिश के आसार, गर्मी से राहत मिलेगी

गुरुग्राम। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद शुक्रवार को गुरुग्राम जिले में भी बारिश होने की संभावना है। बारिश होने से शहरवासियों को गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं इस दौरान तेज रफ्तार में 50 किलोमीटर से हवाएं चलने के साथ-साथ बिजली की गरज भी होगी। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस तक रहा। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को खूब परेशान किया। लोगों ने घर से निकले पर छाते का इस्तेमाल किया। शुक्रवार को बारिश थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।