हो जाएं तैयार: हिमाचल में दशहरे के बाद बिगड़ेगा मौसम, होगी झमाझम बारिश

Get ready: Weather will deteriorate after Dussehra in Himachal, there will be rain in the state
Get ready: Weather will deteriorate after Dussehra in Himachal, there will be rain in the state
इस खबर को शेयर करें

शिमला। हिमाचल में एक बार फिर मौसम (Weather) करवट बदलने वाला है। प्रदेश में दशहरा (Dussehra) उत्सव के बाद एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होगा। हालांकि अभी तक मौसम कुछ हद तक साफ है। दोपहर के समय लोग तेज धूप का आनंद ले रहे हैं तो वहीं सुबह शाम ठंड अपना रंग दिखाना शुरू हो गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला (Meteorological Center Shimla) की मानें तो हिमाचल में एक बार फिर 5 अक्टूबर के बाद बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉण् सुरेंद्र पॉल का कहना है कि प्रदेश भर के कई इलाकों में 5 अक्टूबर के बाद मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। कई इलाकों में बारिश (Rain) की संभावना जताई गई है। सुरेंद्र पॉल ने कहा कि इस साल प्रदेश में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। साथ ही किन्नौर और लाहुल स्पीति में 10 साल बाद अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

हिमाचल में बर्फ (Snow) के दीदार करने वालों के लिए राहत भी खबर है। बर्फ से ढके 16580 फीट ऊंचे शिंकुला दर्रे (Shinkula Pass) पर जाकर पर्यटक बर्फ के दीदार कर सकेंगे। इसके लिए हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम इस रूट पर शुक्रवार से डीलक्स बस सेवा शुरू करने जा रहा है। इसस पहले निगम की टीम डीलक्स बस (Deluxe Bus Facility) लेकर शिंकुला दर्रे के ट्रायल पर निकली थी। बस का ट्रायल सफल रहा। जिसके बाद अब निगम ने शुक्रवार से बस सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। निगम शुक्रवार से 35 सीटर डीलक्स बस इस रूट पर भेजेगा। निगम ने दशहरा सीजन को लेकर कुल्लू मनाली आने वाले पर्यटकों (Tourists) की सुविधा को देखते हुए यह बस सेवा शुरू की है।

कारोबार को लगेंगे पंख एक हजार रुपए लगेगा किराया
इस बस में एक हजार रुपए किराया निर्धारित किया गया है। यह बस सेवा मौसम पर निर्भर रहेगी। निगम की यह बस सुबह सात बजे मनाली से चलेगी और अटल टनल के दीदार करवाते हुए दोपहर को शिंकुला दर्रे में पहुंचेगी। एक घंटा बर्फीली वादियों में सैर करने के बाद बस शाम को मनाली लौटेगी। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (Himachal Pradesh Tourism Development Corporation) परिवहन शाखा के सहायक प्रबंधक राम पाल ने बताया कि वीरवार को 35 सीटर डीलक्स बस का शिंकुला दर्रे के लिए सफलतापूर्वक ट्रायल किया गया है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार सुबह से निगम बस सेवा शुरू करने जा रहा है। किराया एक हजार निर्धारित किया है। बस सुबह चलकर शाम को मनाली लौटेगी।

शिंकुला दर्रे ने ओढ़ रखी है सफेद चादर
बता दें कि आजकल शिंकुला दर्रे में करीब एक फीट बर्फ पड़ी हुई है। बर्फ से ढकी वादियों का नजारा देखने योग्य है। पर्यटक यहां पहुंचकर चारों ओर ढके बर्फ के पहाड़ को देखकर बहुत खुश होगा। हालांकि यह बस सेवा मौसम पर निर्भर रहेगी। पर्यटकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। बर्फबारी होने की सूरत में बस दारचा तक ही जाएगी। हालांकि रोहतांग दर्रे में भी बर्फ के दीदार दो रहे हैं, लेकिन रोहतांग (Rohtang) से अधिक बर्फ शिंकुला में गिरी हुई है।