हरियाणा में खड़ा हो रहा आंदोलन, भाजपा सांसद भी पहुंचे; सतर्क हुई पार्टी

इस खबर को शेयर करें

चंडीगढ़: ऐसा लग रहा है कि हरियाणा की भाजपा सरकार में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। हरियाणा के रोहतक जिले में भाजपा के रोहतक से सांसद डॉक्टर अरविंद शर्मा ने खुद ही अपने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ब्राह्मण समाज को जमीन देना चाहते हैं, लेकिन मनीष ग्रोवर सरकारी चिट्ठी अभी न देने के लिए उनको पट्टी पढ़ा रहे हैं। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के समर्थन में राजनीतिक बयान देना मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी राजनीति भूल थी जिसको शायद ही मैं सुधार पाऊं।

दरअसल, हरियाणा के रोहतक जिले में पहरावर नामक स्थित एक जगह पर ब्राह्मणों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसमें तमाम लोग कुल्हाड़ी और फरसा लेकर पहुंचे। इस दौरान उनके समर्थन में पहुंचे भाजपा सांसद डॉक्टर अरविंद शर्मा ने सरकार पर जमकर आरोप लगाए। अरविंद शर्मा ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर अपना दिमाग लगाकर कोई भी काम नहीं करते हैं। राज्य को ब्राह्मण समुदाय से संबंध रखने वाले सीएम की जरूरत है। इतना ही नहीं अरविंद शर्मा ने यह भी कहा कि सरकार चाहे तो नोटिफिकेशन जारी हो जाए लेकिन सरकार ब्राह्मण समाज की ताकत देखना चाहती थी।

अरविंद शर्मा ने कहा कि 66 साल पहले हरियाणा को भगवत दयाल शर्मा के रूप में पहला सीएम मिली था। लेकिन इसके बाद राज्य में कोई भी ब्राह्मण सीएम नहीं बना है। उन्होंने यह भी कहा कि 2014 में राम बिलास शर्मा के साथ धोखा हुआ। पहली बार राज्य में सरकार बनने पर उन्हें सीएम नहीं बनाया गया। लेकिन राम बिलास शर्मा ने पार्टी के लिए सब कुछ किया। उनके नाम पर सरकार बनाई गई, लेकिन बाद में उन्हें अनदेखा किया गया। फिलहाल उन्होंने कहा कि वो इस मामले को पार्टी हाईकमान के सामने उठाएंगे। मैंने इस बारे में अब तक बात नहीं की है। लेकिन पीएम मोदी और अमित शाह से मैं इस बारे में बात करूंगा। मुझे अपने लिए कुछ नहीं चाहिए है। मैं सिर्फ अपने लोगों की सेवा करना चाहता हूं।

उधर ब्राह्मण समुदाय के एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि यह शायद पहली बार था जब समुदाय ने इस पैमाने पर ताकत के सार्वजनिक प्रदर्शन में कुल्हाड़ी या फरसा प्रदर्शित किया था जो ‘ब्राह्मण आइकन’ का हथियार है। यह सब तब हुआ है जब रोहतक जिले के पहरावर गांव में रविवार को कुछ हजार ब्राह्मण समुदाय को 16 एकड़ का पट्टा बहाल करने की मांग को लेकर एकत्र हुए ताकि वहां मंदिर, स्कूल, कॉलेज और अस्पताल बनाया जा सके। पहरावर एक ब्राह्मण बहुल गांव है।

क्या है मामला जिसके लिए शुरू हुआ यह आंदोलन
एक रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में 2009 में पहरावर गांव की पंचायत ने 15 एकड़ से ज्यादा जमीन गौड़ ब्राह्मण प्रचारिणी सभा को दी थी। इसके लिए कैबिनेट में प्रस्ताव पास हुआ था। जमीन 33 साल की लीज पर दी गई थी। बाद में वह नगर निगम के पास चली गई। ब्राह्मण समाज जमीन दोबारा गौड़ ब्राह्मण संस्था को देने की मांग कर रहा है, इसके लिए आप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने रविवार को विवादित जमीन पर परशुराम जयंती समारोह का आयोजन किया। इसी जयंती में भाजपा सांसद डॉक्टर अरविंद शर्मा, नारनौंद से विधायक रामकुमार गौतम, बादली से विधायक कुलदीप वत्स व महम से विधायक बलराज कुंडू सहित ब्राह्मण समाज के लोग फरसे और ईंट लेकर पहुंचे।