दिल्ली-NCR के मौसम में दिखा पश्चिमी विक्षोभ का असर, कहीं आंधी बारिश तो कहीं जमकर गिरे ओले

इस खबर को शेयर करें

नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-एनसीआर के मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम में आए इस बदलाव के चलते शुक्रवार शाम को जहां दिल्ली और आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी देखने को मिली। वहीं, गुरुग्राम और रेवाड़ी में जमकर ओलावृष्टि हुई।

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को तेज धूप के चलते दिन का अधिकतम पारा सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा रहा। हालांकि, शाम को मौसम ने करवट बदली और बादल छाने लगे। तेज हवा और आसपास के क्षेत्रों में हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया।

दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह इस सीजन का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान भी है। वहीं, न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 79 से 35 फीसदी तक रहा। दिल्ली के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का अधिकतम तापमान 38.5 और नजफगढ़ का 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली के मौसम पर शनिवार को भी देखने को मिलेगा। इसके चलते अलग-अलग इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान

शुक्रवार शाम को अचानक मौसम बदल गया। कुछ ही देर में गुरुग्राम और रेवाड़ी में बारिश के शुरू होते ही कुछ देर में जमकर ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि से गुरुग्राम के पटौदी और रेवाड़ी का धारूहेडा इलाके में सबसे ज्यादा असर पड़ा। कई एकड़ में पक कर तैयार हुई गेहूूं की फसल ओलावृष्टि से खराब हो गई।

शुक्रवार की शाम 5 बजे धूल भरी आंधी के बाद अचानक मौसम बदल गया और देखते ही देखते रेवाड़ी और पटौदी इलाके के अनेक गांवों में जमकर ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि से कुछ गांवों में गेहूं व सरसों की फसल को भरी नुकसान पहुंचा है। क्षतिग्रस्त फसल को देख किसान मायूस हो गए हैं। धारूहेड़ा व कापड़ीवास क्षेत्र में सबसे ज्यादा ओलावृष्टि हुई है। जिससे सड़कों और खेतों में ओलों की सफेद चादर बिछ गई। इस समय कुछ किसानों ने सरसों की फसल कटाई कर सुखाने के लिए एकत्रित किया हुआ है तो कुछ किसान गेहूं की कटाई में जुटे हुए हैं। तेज अंधड़ ने जहां सरसों फसल को दूर तक उड़ा दिया, वहीं गेहूं की फसल को पूरी तरह बिछा दिया। जिसके बाद हुई भारी ओलावृष्टि से गेहूं की बाल टूट कर धराशाही हो गई। लगभग 20 मिनट तक गिरे ओलों ने कुछ गांवों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है।

बूंदाबांदी ने गर्मी से राहत दिलाई

नोएडा शहर में शुक्रवार की दोपहर तेज धूप से लोग परेशान रहे, लेकिन शाम को बूंदाबांदी से लोगों को गर्मी से राहत मिली। जिले में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। हवा में नमी का स्तर 37 से 74 प्रतिशत तक रहा। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर ग्रेटर नोएडा रहा। ग्रेटर नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) येलो जोन में 180 और नोएडा का 155 दर्ज किया गया।