हरियाणा में युवक की पीट पीटकर हत्या कर शव खेल मैदान में फेंका, मचा हड़कंप

इस खबर को शेयर करें

सोनीपत के गांव हसनपुर में एक युवक सुरेंद्र की डंडों से पीट पीट कर हत्या कर दी गई। उसका शव सुबह गांव के खेल मैदान में पड़ा मिला। मुरथल थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर गांव के ही दो युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।

थाना मुरथल में दी शिकायत के अनुसार गांव हसनपुर के सुरेश ने बताया कि वे दो भाई और दो बहन हैं। उसका छोटा भाई सुरेंद्र जो कि अविवाहित है। उसे रविवार को गांव के ही संजीत और विशाल बुलाकर ले गए थे। इसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं था। सोमवार सुबह सुरेंद्र के मृत हालत में गांव के ही खेल मैदान में पड़े होने की सूचना मिली है।

वह मौके पर पहुंचा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सुरेंद्र के शरीर पर मारपीट और तेजधार हथियारों से वार के कई निशान हैं। सुरेश ने आरोप लगाया है कि उसके भाई सुरेंद्र की हत्या गांव के संजीत और विशाल ने की है। दोनों के साथ सुरेंद्र का करीब एक महीने पहले झगड़ा हुआ था। तभी से वे उसके साथ रंजिश रखे थे।

झगड़े के बाद से दोनों बार-बार समाज में उनकी बेइज्जती की बात कह धमकी देते थे कि उनको त्योहार नहीं मनाने देंगे। अब सुरेंद्र की हत्या कर उन्होंने बदला ले लिया है। थाना मुरथल पुलिस ने संजीत और विशाल के खिलाफ धारा 302 और 34 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।