अभी अभीः यूक्रेन के कई शहर तबाह, रुस की अमेरिका को धमकीः बीच में आये तो…देंखे तस्वीरें और वीडियो

इस खबर को शेयर करें

मॉस्को। रूस ने यूक्रेन के साथ जंग की शुरुआत कर दी है। गुरुवार सुबह 9 बजे (भारतीय समयानुसार) राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सैन्य कार्रवाई के ऐलान के 5 मिनट बाद यूक्रेन में धमाके सुनाई दिए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस ने यूक्रेन की 12 जगहों को निशाना बनाया। कीव में दो जगह बैलास्टिक मिसाइल से हमला किया गया। बाकी जगहों की सटीक लोकेशन का पता नहीं चला है।


रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने आखिरकार यूक्रेन के खिलाफ जंग का ऐलान कर ही दिया। व्लादिमिर पुतिन ने गुरुवार सुबह रूसी टेलिविजन पर एक बयान दिया। उन्होंने कहा कि हम यूक्रेन में स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन शुरू कर रहे हैं, जिसका मकसद डिमिलिटराइजेशन है। हमारा मकसद पूरे यूक्रेन को हथियाना नहीं है। पुतिन ने नाम लिए बगैर अमेरिका और NATO को भी धमकी दी। उन्होंने कहा कि हमारे ऑपरेशन में दखल देने वालों को अंजाम भुगतना होगा।

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन के इस बयान के बाद ही यूक्रेन की राजधानी कीव के पास कई धमाके सुने गए हैं। इसके अलावा विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाके से भी धमाके की खबरें आ रही हैं।

पुतिन के ऐलान के तुरंत बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इस कदम की निंदा की। बाइडेन बोले- पुतिन के फैसले का बहुत बुरा नतीजा निकलेगा। मनावता इस फैसले का अंजाम भुगतेगी, लोगों की जिंदगियां तबाह हो जाएंगी। इस हमले से जो भी तबाही मचेगी और जितनी जिंदगियां खत्म होंगी, उसका जिम्मेदार अकेला रूस ही होगा। अमेरिका और उसके सहयोगी इस वक्त एक हैं और इस फैसले का निर्णायक जवाब देंगे। दुनिया रूस को जिम्मेदार ठहराएगी।

लंबे तनाव के बाद रूस ने गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे यूक्रेन पर हमला बोल दिया। मिसाइल हमले में यूक्रेन के 8 नागरिकों की मौत हो गई है। उधर, यूक्रेन का दावा है कि उसने 6 रूसी फाइटर जेट्स को मार गिराया है। बताया जाता है कि यूक्रेन के कई गांव पर रूसी सेना का कब्जा हो गया है। यहां सिलसिलेवार धमाके हो रहे हैं। इस बीच, बेलारूस बॉर्डर से भी रूस ने हमला बोल दिया। रूस अब तीन तरफ से यूक्रेन पर हमले कर रहा है। दूसरी तरफ, NATO भी अब रूस के खिलाफ जवाबी सैन्य कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। हैरानी की बात यह है रूसी राष्ट्रपति जहां हमले की बात स्वीकार कर रहे हैं, वहीं उनकी सेना ने कहा है कि उसने यूक्रेन पर अब तक कोई हमला नहीं किया।

इसके पहले, रूस के राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन ने नेशनल टेलिविजन पर हमले का ऐलान किया। धमकाने वाले अंदाज में बोले कि रूस और यूक्रेन के बीच किसी ने भी दखल दिया तो अंजाम बहुत बुरा होगा। उनका इशारा अमेरिका और NATO फोर्सेस की तरफ था।

इस बयान के 5 मिनट के भीतर यूक्रेन में राजधानी कीव समेत कई प्रांतों में 12 धमाके हुए। राजधानी कीव पर मिसाइल अटैक भी हुआ। वहां एयरपोर्ट बंद कर दिया गया। इस कदम के चलते यूक्रेन में फंसे भारतीयों के रेस्क्यू मिशन को भी रोकना पड़ा। यूक्रेन गई एयरइंडिया की फ्लाइट खतरे के अलर्ट के चलते वापस लौट आई।

हमले का यूक्रेन ने भी जवाब दिया और रूसी विमानों को मार गिराया। यूक्रेन ने कहा कि हम इस हमले का जवाब देंगे और इस जंग को जीतेंगे। यही वक्त है, जब पूरी दुनिया को रूस को जवाब देना चाहिए और उसे रोकना चाहिए।

थोड़ी देर बाद यूक्रेन ने एक और बयान जारी किया। यूक्रेन ने कहा कि हम पर तीन तरफ से… रूस, बेलारुस और क्रीमिया बॉर्डर की ओर से हमला हुआ है। लुहांस्क, खारकीव, चेरनीव, सुमी और जेटोमिर प्रांतों में हमले जारी हैं।