मध्यप्रदेश में 12 से 14 साल के बच्चों का कोविड टीका आज से शुरू, 30 लाख बच्चों को लगेगी वैक्सीन

इस खबर को शेयर करें

भोपाल : कोरोनावायरस से बचाव के लिए 12 से 14 साल के बच्चों का बुधवार से वैक्सीनेशन अभियान प्रारंभ हो गया। इन बच्चों को कॉर्बेवैक्स वैक्सीन लगाई जा रही है। प्रदेश में 30 लाख बच्चों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेशव्यापी कोविड रोधी वैक्सीनेशन की सुबह 10 बजे ओल्ड कैंपियन स्कूल अरेरा कॉलोनी भोपाल से शुभारंभ करेंगे। कोविड -19 वैक्सीनेशन अभियान को विस्तार देते हुए 23 मार्च से 12 से 14 साल के बच्चों का टीकाकरण शुरू किया गया है। कॉर्बेवैक्स वैक्सीन की 0.5 एम.एल. खुराक इन्ट्रामस्कुलर लगाई जाएगी। दूसरा डोज पहले टीके के 4 सप्ताह बाद लगाया जाएगा।

प्रदेश में 12 से 14 साल के करीब 30 लाख बच्चो को वैक्सीन लगाई जाएगी। वहीं, भोपाल जिले में कुल 86 हजार 389 बच्चों को टीका लगाया जाएगा। जन शिक्षा केन्द्रों के समन्वय से बच्चों के परिजनों से संवाद कर स्कूलों में टीकाकरण कराया जा रहा है। भोपाल जिले के 2026 स्कूलों में टीकाकरण किया जाएगा। कॉर्बेवैक्स वैक्सीन की 54000 डोज भोपाल जिले को प्राप्त हुई है। टीकाकरण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा वैक्सीन को संबंधित स्कूलों में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप लगाया जाएगा। परिजन वैक्सीन लगवाने के पहले बच्चे को नाश्ता करवाकर भेजे।

बता दें कि प्रदेश में कोविड-19 टीकाकरण अभियान की शरुआत 16 जनवरी 2021 को हुई थी। प्रथम चरण में स्वास्थ्यकर्मियों एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स को कोविड-19 टीका लगाया गया था। मार्च माह से 60 से ऊपर के व्यक्तियों को टीका लगाने की शरुआत की गई थी। एक मई 2021 से 18 साल से ऊपर के सभी नागरिकों को कोविड-19 टीका लगाया जा रहा हैं। किशोरवय के टीके तीन जनवरी 2022 से लगाए जा रहे हैं। इसमें 15 से 17 वर्ष के किशोर बालक-बालिकाओं का टीकाकरण किया जा रहा हैं।