लोकसभा चुनाव पर आया नया सर्वे, देखें- भाजपा करेगी 370 पार या फंसने की नौबत

इस खबर को शेयर करें

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा समेत विभिन्न दलों को कितनी सीटें मिलेंगी, इसको लेकर अनुमानों का दौर तेज है। इस बीच ओपिनियन पोल्स का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। मंगलवार को एक और ओपिनियन पोल आया है, जिसमें भाजपा अगले आम चुनाव में इतिहास रचती नजर आ रही है। वहीं, कांग्रेस को सबसे कम सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। इंडिया टीवी-सीएनएक्स ओपिनियन पोल के मुताबिक अगर अभी चुनाव हों तो पीएम मोदी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को 543 में से 378 सीटें मिलेंगी। अगर केवल भाजपा बात करें तो ओपिनियन पोल में उसे 335 सीटें दी गई हैं। इसके मुताबिक साल 2019 के मुकाबले भाजपा को 32 सीटों का फायदा हो रहा है। वहीं, कांग्रेस को महज 37 सीटें मिलने का अनुमान है। 2019 के मुकाबले कांग्रेस को 15 सीटों का नुकसान बताया गया है। 2019 में कांग्रेस को 52 सीटें मिली थीं।

इंडिया गठबंधन को इतनी सीटें
इंडिया टीवी-सीएनएक्स ओपनियन पोल ने इंडिया गठबंधन को 98 सीटें मिलने की बात कही है। इसमें टीएमसी की सीटें नहीं शामिल हैं। टीएमसी, वाईएसआरसीपी, टीडीपी, बीजेडी और निर्दलीय समेत अन्य को 67 सीटों का अनुमान है। इंडिया टीवी के मुताबिक इस ओपिनियन पोल के लिए 5 से 23 फरवरी के बीच 1,62,900 लोगों से राय ली गई थी। इसमें इसमें 84,350 पुरुष और 78,550 महिलाएं थीं।

इन प्रदेशों में क्लीन स्वीप का अनुमान
ओपिनियन पोल के मुताबिक भाजपा अपने दम पर 335 सीटें जीत सकती है। गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से भाजपा 370 सीटें जीतने का दावा करती आ रही है। अगर राज्यवार आंकड़ों की बात करें तो गुजरात में भाजपा सभी 26 सीटें, मध्य प्रदेश की सभी 29, राजस्थान की सभी 25, हरियाणा की सभी 10, दिल्ली की सभी 7, उत्तराखंड की सभी 5 और हिमाचल की सभी 4 सीटों पर जीत हासिल करने जा रही है।

यूपी का क्या रहेगा हाल
ताजा ओपिनियन पोल के मुताबिक उत्तर प्रदेश में भाजपा सबसे ज्यादा सीटें जीतती नजर आ रही है। यहां पर उसे 74 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। भाजपा के सहयोगी दल, आरएलडी और अपना दल दो-दो सीटें जीत सकती हैं। यहां पर सपा को दो सीटें, जबकि कांग्रेस और बीएसपी का खाता भी नहीं खुलने की बात कही गई है। अन्य राज्यों की बात करें तो बिहार में 40 में 17, झारखंड में 14 में से 12, कर्नाटक में 28 में से 22, महाराष्ट्र में 48 में 25, ओडिशा में 21 में से 10, असम में 14 में से 10, पश्चिम बंगाल में 42 में से 20 सीटें जीत सकती है। तमिलनाडु में डीएमके 20, आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी 25 व टीडीपी 10 सीटें जीत सकती है। ओडिशा में बीजू जनता दल 21 में 10 सीटों पर परचम फहरा सकती है।