नीतीश कुमार की फिर फिसली जुबान, इस बार क्या बोल गए बिहार CM? जानिए

Nitish Kumar's tongue slipped again, what did Bihar CM say this time? Learn
Nitish Kumar's tongue slipped again, what did Bihar CM say this time? Learn
इस खबर को शेयर करें

सुपौल: Bihar Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के दौरान रैलियों और सभाओं में अक्सर नेताओं की जुबान फिसल जाती है लेकिन यदि किसी राज्य के मुख्यमंत्री के साथ ऐसा हो जाए तो बड़ी खबर बन जाती है। ऐसा ही कुछ हुआ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ। दरअसल, बुधवार को झंझारपुर संसदीय क्षेत्र के लौकही प्रखंड के पीपरौन हाई स्कूल परिसर में एनडीए प्रत्याशी रामप्रीत मंडल के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश की जुबान फिसल गई। उन्होंने लोकसभा चुनाव की चर्चा करते हुए कहा कि बिहार में सभी 40 सीटों पर एनडीए का कब्जा होगा। इसी क्रम में नीतीश कुमार ने देश में 400 पार की जगह चार हजार पार बोल दिया।मंच पर पीछे बैठे नेताओं ने जब टोका, तो उन्होने सुधार कर 400 पार कहा।

अपने भाषण के दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि पूरा बिहार मेरा परिवार है। आज किसी ने क्या किया। कोई अपने बेटा बेटी के लिए काम करता है। मैं पूरे बिहार के लिए काम करता हूं। हम 1995 से साथ हैं। बिना मतलब का कुछ दिन के लिए उनके साथ चले गए थे। अब इधर उधर नहीं जाएंगे। पीएम मोदी जी अच्छा काम कर रहे हैं। केन्द्र में मजबूत सरकार के लिए आप से समर्थन मांगने आया हूं।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में काम किया। वर्ष 2005 में वर्ल्ड बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूह का गठन किया, जिसे जीविका दीदी बनाया। देश भर में उसे आजिविका बना दिया। सवालिया लहजे में उन्होंने कहा कि पहले महिला बोल पाती थी? अब हर क्षेत्र में आगे हैं। महिलाओं के लिए पंचायत में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया, फिर पुलिस की नौकरी में भी 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। आज 30 हजार से अधिक महिलाएं पुलिस की नौकरी कर रही है। इंटर पास करने पर 25 हजार और ग्रेजुएशन करने पर 50 हजार रुपए देते हैं।

सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आने वाले समय में 10 लाख को नौकरी और 10 लाख को रोजगार दूंगा। झंझारपुर की चर्चा करते हुए कहा कि झंझारपुर में 515 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य चल रहा है। झंझारपुर में इंजीनीयरिंग और पोलीटेक्निक कालेज खुलवाया। यहां मिथिला हाट बनवाया। इसके अलावा पुल- पुलिया और सड़क निर्माण कराया। बिहार के साथ केन्द्र का विकास हो रहा है। उन्होंने राज्य और देश के विकास के लिए एनडीए गठबंधन के प्रत्याशी रामप्रीत मंडल को जिताने की अपील किया।

मुख्यमंत्री ने जयनगर में किया रोड शो
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को जयनगर बाजार में झंझारपुर के जदयू प्रत्याशी रामप्रीत मंडल के समर्थन में रोड शो किया। जयनगर कमला वियर से शहीद चौक तक रोड शो में सड़क किनारे दोनों ओर खड़े लोगों ने सीएम का भव्य स्वागत किया। फूल बरसाये। सीएम के साथ राज्य सभा सांसद संजय झा, परिवहन मंत्री शीला मंडल, जदयू प्रत्याशी रामप्रीत मंडल, भाजपा विधायक अरुण शंकर प्रसाद सहित थे। न्याय रथ में सवार सीएम के साथ रोड शो में दर्जनों चार पहिया व सैकड़ों बाइक पर एनडीए के कार्यकर्ता साथ थे। रोड शो लगभग 45 मिनट चला। शहीद चौक पर कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सीएम कार में बैठ कर हाई स्कूल जयनगर के मैदान स्थित हेलीपैड पर पहुंचे।अपरान्ह 4.30 बजे वे हेलीकॉप्टर से प्रस्थान कर गये।

‘मोदी को पीएम बनाना है, बिहार में 40 और देश में 400 सीट जीतेंगे’
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुपौल जिले के निर्मली के एचपीएस कॉलेज में बुधवार को चुनावी सभा को संबोधित किए। इस दौरान उन्होंने जदयू उम्मीदवार दिलेश्वर के समर्थन में वोट मांगा। सभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि हम बिहार में 40 और देश में 400 सीटें जीतेंगे। नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि नया लड़का वोट मांगने जा रहा है, जो काम सरकार ने किया है, उसे याद रखिएगा। ये सब अपने में ही लगे रहते हैं। ये आपके लिए कुछ नहीं कर पाएंगे।

बिना नाम लिए लालू परिवार पर बरसे सीएम नीतीश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लालू यादव पर जमकर हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि खुद जेल गए तो पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। परिवार को आगे बढ़ाते गए। पहले बेटा, अब बेटी। आगे कौन आएगा पता नहीं। उन्होंने कहा कि 2005 के पहले बिहार में कुछ भी नहीं था, हम आए तो करवाया। 2005 के पहले बिहार का क्या हाल था, शाम में कोई निकल नहीं पाता था। हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा होता था। ये लोग झगड़ा करवाते थे। ये तो आप हैं जो हमेशा मेरे साथ रहे। पहले पढ़ाई और स्वास्थ्य की स्थिति बहुत खराब थी। इन लोगों ने कोई काम नहीं किया। पहले मैं अपने इलाकों में जाता था तो पैदल ही चलना पड़ता था। अब सड़कें हैं।