
न्यूयॉर्क। इस हफ्ते आसमान में अद्भुत नजारा दिखने वाला है। चंद्रमा के पास बुध, बृहस्पति, शुक्र, यूरेनस और मंगल एक साथ दिखाई देंगे। अगर आप इन तमाम ग्रहों को एक साथ देखना चाहते हैं, तो फिर मंगलवार को आसमान में अपनी नजर बनाए रखिएगा।
नासा के खगोलशास्त्री बिल कुक के मुताबिक, आसमान में ग्रहों का अद्भुत नजारा सूर्यास्त के तुरंत बाद पश्चिमी क्षितिज की ओर देखा जा सकता है।
सूर्यास्त के बाद आधे घंटे तक रहेगा नजारा
ये ग्रह रात को क्षितिज रेखा से करीब आधे आसमान में फैले रहेंगे। हालांकि, यह नजारा देर तक नहीं रहेगा। बुध और बृहस्पति सूर्यास्त के करीब आधे घंटे बाद ही क्षितिज से नीचे चले जाएंगे। इन पांच ग्रहों को पृथ्वी पर कहीं से भी देखा जा सकता है, बशर्ते उस दिन आसमान साफ हों। साथ ही पश्चिम दिशा की ओर अद्भुत नजारा दिखाई देगा।
बिल कुक ने बताया कि इन ग्रहों के एकसाथ आने की खूबसूरती यही है कि इसे देखने के लिए किसी विशेष उपकरण की जरूरत नहीं है, इन्हें नंगी आंखों से देखा जा सकता है।
क्या दूरबीन की होगी जरूरत?
शायद दूरबीन की जरूरत पड़े। बिल कुक ने बताया कि बृहस्पति, शुक्र और मंगल ग्रह को देखना बेहद आसान होगा, क्योंकि इन ग्रहों की चमक काफी तेज होती है। आसमान में दिखाई देना वाल सबसे चमकीला ग्रह शुक्र होगा, जबकि चंद्रमा के पास लाल रंग का मंगल ग्रह लटक रहा होगा।
उन्होंने आगे बताया कि बुध और यूरेनस को स्पॉट करना मुश्किल हो सकता है, क्योंकि वे धुंधले होंगे। इन ग्रहों को देखने के लिए शायद दूरबीन की जरूरत पड़े। यदि आप तारों और आकाशीय हलचल देखने के शौकीन हैं, तो यूरेनस को देखने का यह दुर्लभ अवसर है। आमतौर पर यूरेनस दिखाई नहीं देता है। पिछली गर्मियों में पांच ग्रह एकसाथ दिखे थे, हालांकि उस वक्त दिखाई देने वाले ग्रह मौजूदा समय की तुलना में अलग थे।