राजस्थान बीजेपी को मोदी मंत्र: आसमान का तारा हाथ से नहीं फूटता, करप्शन-परिवारवाद-विकास

Modi Mantra to Rajasthan BJP: The star of the sky does not burst by hand, Corruption-Family-Vikas
Modi Mantra to Rajasthan BJP: The star of the sky does not burst by hand, Corruption-Family-Vikas
इस खबर को शेयर करें

जयपुर : अगले साल होनेवाले राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर पीएम मोदी की एंट्री हो चुकी है। राष्ट्रीय पदाधिकारियों को संबोधित किया। उन्हें जीत का मंत्र दिया। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों के लिए राजस्थान बेहद अहम है। कांग्रेस के पास अपनी किला बचाने की चुनौती है तो हर हाल में बीजेपी अपनी झोली में करना चाह रही है। हाल ही में कांग्रेस ने चिंतन शिविर में ‘नवसंकल्प’ कार्यक्रम आयोजित की थी। अब पीएम मोदी वर्चुअली राजस्थान में जीत का मंत्र दिया।

जयपुर में आयोजित बीजेपी पदाधिकारियों की मीटिंग में पीएम मोदी ने कहा कि अपने आजादी के बाद से ही वंशवाद और परिवारवाद ने देश का कितना भयंकर नुकसान किया है। परिवारवादी पार्टियों ने देश में भ्रष्टाचार को, धांधली को, भाई-भतीजा वाद को, इसी को आधार बनाकर देश का बहुत मूल्यवान समय बर्बाद किया है। ये परिवारवादी पार्टियां आज भी देश को पीछे ले जाने पर तुली हुई हैं। उनका सार्वजनिक जीवन परिवार से शुरू होता है, परिवार के लिए चलता है, परिवार के खातिर ही करता है। भाजपा को इन परिवारवादी पार्टियों से निरंतर मुकाबला करना है। परिवारवाद-वंशवाद लोकतंत्र के लिए ये सबसे घातक परंपरा है।

बीजेपी पदाधिकारियों की मीटिंग में पीएम मोदी ने कहा कि हम देख रहे हैं कि आज कुछ पार्टियों का इकोसिस्टम पूरी शक्ति से देश को मुख्य मुद्दों को भटकाने में लगा हुआ है। हमें कभी ऐसी पार्टियों के जाल में नहीं फंसना है। हमें कभी कोई शॉर्ट-कट नहीं लेना है। हमें देशहित से जुड़े जो भी बुनियादी विषय हैं, जो Core-Issues हैं उन्हीं पर आगे बढ़ना है। और ये Core-Issues क्या हैं? गरीब का कल्याण, गरीब का जीवन आसान बनाने के लिए, गरीब को सशक्त करने के लिए हमें लगातार काम करना है। मैं आज के युवाओं की भाषा में कहूं, तो जो भारत के समृद्ध भविष्य के Code लिखने के लिए लालायित हैं, ऐसे हर युवा को हमें भाजपा के साथ जोड़ना है। हमें ये याद रखना है कि परिवारवाद की राजनीति से विश्वासघात खाने वाले देश के युवाओं का विश्वास सिर्फ भाजपा ही लौटा सकती है।

राजस्थान बीजेपी को मोदी ने जीत का मंत्र भी दिया। उन्होंने कहा कि मैं सैचुरेशन की बात करता हूं। सैचुरेशन सिर्फ पूर्णता का आकंड़ा भर नहीं है। ये भेदभाव, भाई-भतीजावाद, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार के चंगुल से देश को बाहर निकालने का माध्यम है। सरकार पर, सरकार की व्यवस्थाओं पर, सरकार के डिलीवरी मैकेनिज्म पर किसी समय देश का जो भरोसा उठ गया था। 2014 के बाद जनता जनार्दन के आशीर्वाद से भाजपा सरकार उसे वापस लेकर आई है। आज गरीब से गरीब भी अपने आसपास लोगों को योजनाओं का लाभ मिलते देख रहा है। वो आज बहुत विश्वास से कहता है कि एक न एक दिन मुझे भी इस योजना का लाभ अवश्य मिलेगा। जिस एक और विषय पर हमें निरंतर काम करते रहना है वो है देश में विकासवाद की राजनीति की चौतरफा, चारों दिशा में स्थापना होनी चाहिए। कोई भी दल हो, उसको भी विकासवाद की राजनीति पर आने के लिए मजबूर करना है। मोदी ने कहा कि ये राजनीतिक दल अपने स्वार्थ के लिए समाज में छोटी-मोटी कमजोरियों से खेलते रहते हैं। कभी जाति, कभी क्षेत्रवाद के नाम पर भड़काते हैं। भाजपा के लिए अनिवार्य है कि लोगों को इस तरह के दलों से सतर्क करना होगा।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में सुंदर सिंह भंडारी को याद किया। उन्होंने कहा कि ये श्रद्धेय सुंदर सिंह भंडारी जी की जन्म शताब्दी का भी वर्ष है। हम सब ऐसे प्रेरणा पुरुष को हृदय से प्रणाम करते हैं। दुनिया आज भारत को बहुत उम्मीदों से देख रही है। ठीक वैसे ही भारत में भाजपा के प्रति, जनता का एक विशेष स्नेह है। देश की जनता भाजपा को बहुत विश्वास और बहुत उम्मीद से देख रही है। देश की जनता की ये आशा-आकांक्षा हमारा दायित्व बहुत बढ़ा देती है। आजादी के इस अमृत काल में देश अपने लिए अगले 25 वर्षों के लक्ष्य तय कर रहा है। भाजपा के लिए ये समय है, अगले 25 वर्षों के लक्ष्यों को तय करने का, उनके लिए निरंतर काम करने का। हमारा दर्शन है पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद और अंत्योदय। हमारा चिंतन है, डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की सांस्कृतिक राष्ट्रनीति।