संदेशखाली की पीड़िता रेखा पात्र लड़ेंगी लोकसभा चुनाव, भाजपा ने बनाया उम्मीदवार

इस खबर को शेयर करें

कोलकाता। भाजपा ने रविवार को बंगाल के लिए 19 उम्मदवारों की सूची जारी की। भाजपा ने बशीरहाट से रेखा पात्र को उम्मीदवार बनाया है, जो संदेशखाली की रहने वाली हैं। उन्होंने ही सबसे पहले संदेशखाली की महिलाओं की आवाज को बुलंद किया था।

वह संदेशखाली कांड के मास्टरमाइंड व निलंबित तृणमूल नेता शाहजहां शेख और उसके गुर्गों की पीड़िता हैं। तीनों आरोपित शाहजहां शेख, शिबू हाजरा और उत्तम सरदार सलाखों के पीछे हैं। बशीरहाट के अंतर्गत ही संदेशखाली का क्षेत्र भी आता है।

रेखा पात्र को उम्मीदवार बनाने का किया था अनुरोध
दरअसल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब संदेशखाली की पीड़िताओं से मिलने के लिए बंगाल आए थे, उनमें रेखा भी शामिल थीं।

बारासात में सभा के बाद पीएम मोदी ने संदेशखाली की पांच महिलाओं से मुलाकात की थी। संदेशखाली के लोगों ने भी नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी से पात्र को उम्मीदवार बनाने का अनुरोध किया था, जिसे उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाया था।

खुद पीएम ने रेखा ने नाम पर लगाई मुहर
भाजपा सूत्रों के मुताबिक इसके बाद खुद प्रधानमंत्री ने रेखा के नाम पर मुहर लगाई। रेखा पात्र की शिकायत पर ही संदेशखाली के आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था।

पीड़ित मां-बहनों के साथ खड़ी होना चाहती हूं : रेखा पात्र
प्रत्याशी बनने के बाद रेखा ने कहा कि वह संदेशखाली की पीड़ित मां-बहनों के साथ खड़ी होना चाहती हैं। उन्हें आगे रखना चाहती हैं। रेखा को उम्मीदवार बनाए जाने से संदेशखाली में खुशी का माहौल है। लोग खुश हैं। महिलाओं में भरोसा बढ़ा है।

महिलाओं के खिलाफ हिंसा के आरोपों को तेज करना चाहती है भाजपा
दरअसल भाजपा रेखा को सामने रखकर राज्य भर में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के आरोपों को तेज करना चाहती है। भगवा खेमे का मानना ​​है कि इसका फायदा सिर्फ बशीरहाट में ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में होगा।

सूत्रों के मुताबिक पहले इस सीट के लिए भाजपा नेता फाल्गुनी पात्रा और बाद में भारती घोष के नाम पर चर्चा चल रही थी। रेखा को उम्मीदवार बनाए जाने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित मालवीय ने एक्स पर कहा कि भाजपा ने बंगाल के बशीरहाट से रेखा पात्र को मैदान में उतारा है। वह संदेशखाली की पीड़िताओं में से एक हैं। भाजपा बंगाल की महिलाओं के साथ खड़ी है।