वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा सचिन का 37 साल पुराना रिकॉर्ड, टीम में जगह बनाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने

वैभव सूर्यवंशी को शनिवार को एशियन गेम्स के लिए चुनी गई भारतीय टीम में जगह मिली है। इसके अलावा युवा बल्लेबाज को आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे के लिए भी टीम में शामिल किया गया है। इसके साथ ही 15 साल की उम्र में भारतीय टीम में जगह बनाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सचिन को पाकिस्तान के दौरे के लिए 1989 में 16 साल की उम्र में टीम में मौका मिला था।

वैभव सबसे युवा खिलाड़ी बने
वैभव सूर्यवंशी को अंडर-19 क्रिकेट और फिर आईपीएल 2026 में इंटरनेशनल स्तर के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने का इनाम मिला है। वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में टीम में शामिल होने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने ‘क्रिकेट के भगवान’ कहे जाने वाले सचिन का रिकॉर्ड तोड़ा। जिन्होंने 16 साल की उम्र में टीम में जगह बनाई थी। सचिन तेंदुलकर को पाकिस्तान के खिलाफ टीम में सिर्फ 16 साल की उम्र में जोड़ा गया था। जब उन्होंने भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया था, तो उनकी उम्र 16 साल और 205 दिन थी। उन्होंने 15 नवंबर 1989 को पाकिस्तान के खिलाफ पहला मैच खेला था। वहीं वैभव को जब भारतीय टीम में जगह मिली है तो उनकी उम्र 15 साल 71 दिन है।

आईपीएल 2026 में मचाया धमाल
पंद्रह वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने भारत की टीम में चयन के साथ इतिहास रच दिया है। वह सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ राष्ट्रीय टीम में जगह पाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गये। आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने सबसे कम उम्र में ऑरेन्ज कैप जीतने वाले खिलाड़ी बने थे। वह इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए। राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के एमवीपी और इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के पुरस्कार से नवाजा गया। इसके साथ ही वह एक ही सीजन में यह दोनों पुरस्कार जीतने वाले पहले खिलाड़ी भी बने। 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को पहली बार राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। उन्हें तीनों टीमों जगह मिली है।

भारत अपने दौरे की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में 26 और 28 जून को दो टी-20 मैचों से करेगा, जिसके बाद टीम एक से 11 जुलाई तक इंग्लैंड में पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी। एशियाई खेलों में पुरुषों का क्रिकेट टूर्नामेंट 24 सितंबर से शुरू होगा और 13 अक्टूबर को पदक मैचों के साथ खत्म होगा।

ये भी पढ़ें:श्रेयस अय्यर बने भारत के 15वें T20I कप्तान, वैभव सूर्यवंशी का भी हुआ चयन
आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी।

इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टी -20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, ईशान किशन, हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी।

एशियाई गेम्स के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और वैभव सूर्यवंशी।