हरियाणा के इन जिलो में आज मूसलाधार बारिश: मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Torrential rain in these districts of Haryana today: Meteorological Department issued alert
Torrential rain in these districts of Haryana today: Meteorological Department issued alert
इस खबर को शेयर करें

सोनीपत: हरियाणा में आज सुबह से ही कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। करनाल में सुबह से ही मूसलाधार बारिश चल रही है। यहां 6 घंटे में 54 एमएम के करीब पानी गिरा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में हलकी से मध्यम स्तर की बारिश अलग अलग क्षेत्रों में होगी। अगले कुछ घंटों के लिए 8 जिलों में ओरेंज अलर्ट और 8 जिलों के लिए येलो अलर्ट IMD की ओर से जारी किया गया है।

इन जिलों में हुई बारिश
प्रदेश के कई जिलों में सुबह 5 बजे ही बादल गरजने और बिजली चमकने लगी। साढ़े 5 बजे के आसपास झमाझम बारिश शुरू हो गई, जो कि अभी रुक रुक कर चल रही है। सुबह से करनाल में 54 एमएम, बारिश हुई है। पिछले 3 घंटों में करनाल में 38 एमएम बारिश दर्ज हुई है। सुबह से सोनीपत में 12 एमएम और कुरुक्षेत्र में 17 एमएम, यमुनानगर में 21एमएम बारिश हो चुकी है। महेंद्रगढ़ व पानीपत में रुक रुक कर हलकी से मध्यम स्तर की बारिश हो रही है।

यहां तूफान-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अभी आधा घंटा पहले जानकारी दी है कि सिवानी, तोशाम, महेंद्रगढ़, नारनौल व आसपास के इलाकों में हल्की तीव्रता के साथ तूफान आएगा। कुरुक्षेत्र, कैथल और आसपास के इलाकों में हल्की तीव्रता वाली बारिश होगी। साथ ही अगले 2 घंटे के दौरान नरवाना, करनाल, फतेहाबाद, राजौंद, असंध, सफीदों, जींद, पानीपत, हिसार, हांसी में हलकी बारिश के आसार बने हुए हैं। कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी जारी है।

कई इलाकों में ओरेंज अलर्ट

मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ घंटे हल्की से मध्यम बारिश का दौर चलता रहेगा। जीटी रोड बैल्ट के जिलों यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र व पानीपत और राजसथान से लगते फतेहाबाद, हिसार, भिवानी व चरखी दादरी के लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मध्यम तूफान की संभावना जताई गई है। यहां हवा की गति 40 किलोमीटर घंटा रह सकती है।

गुरुग्राम में रात को तूफान

मौसम विभाग की जानकारी है कि गुरुग्राम में रात को लोगों को अच्छा खासा तूफान झेलना पड़ा है। यहां कुछ रात को ढ़ाई बजे के करीब हवा चलने लगी और आधे घंटे बाद इसकी रफ्तार एक बार तो 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। हालांकि यह कुछ मिनटों के लिए ही रही। 10 से 15 मिनट बाद इसकी रफ्तार 30 किलो मीटर तक आ गई। गुरुग्राम में 3 दिन में इस तरह से कई बार 80 से 100 की रफ्तार के तूफान की गतिविधि देखी गई है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

फिलहाल 11 बजे की बात करें ताे 8 जिलों में IMD की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां पर गरज चमक के साथ 5 एमएम घंटा की रफ्तार से बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। इन जिलों में अंबाला, कैथल, जींद, रोहतक, झज्जर,महेंद्रगढ़, सोनीपत व रेवाड़ी शामिल है। फिलहाल सिरसा, पलवल, फरीदाबाद, नूंह, गुरुग्राम व पंचकूला के लिए कोई अलर्ट नहीं है। हरियाणा में 25 जून को मानसून ने दस्तक दी थी। पहले दिन कई क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद तापमान 8 डिग्री तक गिर गया था। लोगों को गर्मी से राहत मिली। लेकिन इसके बाद से लगातार तापमान में बढ़ोतरी होती जा रही है। हल्की बारिश हो रही है, जिससे मौसम में नमी बढ गई है और लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं।

मंगलवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्रीः की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि तापमान अभी सामान्य से 3.3 डिग्री नीचे है। कल 36.9 डिग्री पारे के साथ हिसार का बालसमंद सबसे गर्म रहा। सबसे कम तापमान 32.3 डिग्री भिवानी में रहा। प्रदेश में अधिकतम तापमान औसतन 34 डिग्री चल रहा है।

29 जून को बारिश में होगी कमी

IMD की ओर से 5 दिनों के लिए मौसम का जो पूर्वानुमान जारी किया गया है, उसको देखें तो 29 जून से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। भारी बारिश की संभावना न के बराबर है। हालांकि प्रदेश में जैसा मौसम चल रहा है, उसमें बदलाव किसी भी समय देखा जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 29 जून को उत्तर हरियाणा के जिलों में कई स्थानों पर हलकी से मध्यम बारिश की संभावना है। दक्षिण व दक्षिण पूर्व हरियाणा के जिलों में कुछ गिने चुने स्थानों पर और पश्चिम व दक्षिण पश्चिम हरियाणा में कुछ स्थानों पर बारिश की गतिविधि देखने को मिलेगी। 29 जून के लिए किसी प्रकार का कोई अलर्ट मौसम विभाग की ओर से जारी नहीं किया गया है।