
चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है। कई जिलों में रात से बारिश जारी है। मौसम विभाग ने आज बारिश-ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है। राज्य के18 जिलों में बारिश के साथ ही ओलावृष्टि होने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज श्रेणी में रखा गया है। अन्य 2 जिलों को येलो श्रेणी में शामिल किया है। यहां गरज के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। वहीं हरियाणा में 1 मार्च से अब तक 33.5 MM बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 126 प्रतिशत ज्यादा है।
बिजली को लेकर जारी की एडवाइजरी
खराब मौसम में बिजली को लेकर मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। विभाग की ओर से हिदायत दी गई है कि खराब मौसम में गरज के दौरान किसी सुरक्षित स्थान पर ही लोगों को शरण लेनी चाहिए। हिदायत दी गई है कि इस दौरान किसी पेड़ के नीचे लोग न खड़े हों। पेड़ पर बिजली गिरने की संभावना सबसे अधिक रहती है। 24 घंटे में नारनौल में बिजली गिरने से 2 श्रमिकों की मौत होने के मामले सामने आए हैं।
इन 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
हरियाणा के चार जिलों को छोड़कर अन्य 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें उत्तर हरियाणा के जिले कैथल, करनाल और दक्षिण और दक्षिण पूर्वी के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, पानीपत, सोनीपत शामिल हैं। इसके अलावा दक्षिण और दक्षिण पश्चिमी के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी को भी ऑरेंज श्रेणी में मौसम विभाग ने शामिल किया है। यहां 24 घंटे के दौरान भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।
सिरसा में सबसे अधिक बारिश
हरियाणा 7 जिले ऐसे हैं जहां 24 घंटे में 2 से लेकर 18 MM बारिश दर्ज की गई। सिरसा में सबसे अधिक 18 एमएम बारिश हुई है। इसके अलावा रेवाड़ी में 11 एमएम, पानीपत में 8, गुरुग्राम और भिवानी में 4-4 एमएम बारिश हुई है। चरखी दादरी में सबसे कम 2 एमएम बारिश हुई है। आज हरियाणा के सभी 22 जिलों में बारिश होने की सूचना है।
बारिश से ठंड बढ़ी, फतेहाबाद सबसे ठंडा
हरियाणा में बारिश-ओलावृष्टि के साथ ही तेज हवाओं के चलने से तापमान में काफी गिरावट आई है। 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। हरियाणा का फतेहाबाद सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा महेंद्रगढ़ के नारनौल में न्यूनतम तापमान में 16.0, कैथल का 16.1, पंचकूला का 16.4 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया।
अप्रैल में फिर बारिश
हरियाणा में अप्रैल में फिर मौसम करवट लेगा। चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार 2 अप्रैल की रात को फिर से पश्चिमी विक्षोभ का असर सूबे में दिखाई देगा। इसके कारण 3 और 4 अप्रैल को कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि इसके बाद मौसम साफ रहेगा।
किसान की बढ़ी चिंता
हरियाणा में होने वाली बारिश और ओलावृष्टि से सबसे ज्यादा नुकसान फसलों को है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार इस बारिश में जो फसलें बारिश के पानी में डूब जाएंगी उनका दाना काला पड़ जाएगा। अब तक बारिश-ओलावृष्टि से 6,05,862 एकड़ फसल को नुकसान होने का अनुमान है। राज्य के 4886 गांवों के 1,07,051 किसान की फसल खराब होने की सूचना है।