यूपी में भीम आर्मी के कार्यकर्ता ने फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड नोट में पुलिस को बताया जिम्मेदार

यूपी के बारांबकी में भीम आर्मी के कार्यकर्ता ने एक पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी संख्या में भीड़ उमड़ पड़ी। चर्चा है कि इस दौरान युवक ने एक सुसाइड नोट भी लिखा है। जिसमें पुलिस और गांव के तीन लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। वह सुसाइड नोट इस समय व्हाट्सएप पर वायरल हो रहा है। हालांकि लाइव हिंदुस्तान उसकी पुष्टि नहीं करता है। पुलिस सुसाइड नोट मिलने से इनकार कर रही है।

जैदपुर थाना क्षेत्र के मौथरी गांव में बुधवार की सुबह साड़ी के फंदे से आम के पेड़ पर भीम आर्मी के कार्यकर्ता अशोक (45) का शव लटका मिला। मृतक का गंाव में ही पांच दिन पहले पैसे के लेने देन को लेकर एक युवक से विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस व गांव के कतिपय लोगों की प्रताणना से तंग आकर भीम कार्यकर्ता ने अपनी जान दे दी है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पैसे को लेकर था विवाद: क्षेत्र के ग्राम मौथरी गांव में रामू व अशोक कुमार में पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद कई दिनों से चल रहा था। रामू अपने बकाया पैसे अशोक से मांग रहा था, जबकि अशोक का कहना था कि वह सारे पैसे अदा कर चुका है। पांच दिन पहले दोनों में विवाद हुआ था, जिसमें रामू का पैर टूट गया था। जिसको लेकर रामू ने अशोक व अन्य के खिलाफ जैदपुर थाने पर तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जिसको लेकर दोनों पक्षों में मुकदमा दर्ज होने के बाद से विवाद बढ़ गया था।

मृतक के पास सुसाइड नोट मिलने की चर्चा: मृतक अशोक के पास मिले सुसाइड नोट भी मिलने की चर्चा है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस व कुछ लोगों की प्रताड़ना से तंग आकर अशोक ने अपनी जान दे दी हैं। सूचना मिलते ही सीओ समेत कई पुलिस अधिकारी पीएम हाउस पहुंचे औप परिजनों से बातचीत की। परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।