मुजफ्फरनगर: भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकारणी रद्द, बताई गई ये वजह

इस खबर को शेयर करें

मुजफ्फरनगर। मिशन 2022 की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी की जनपर स्तर पर गठित की गयी महिला एवं किसान मोर्चा की कार्यकारिणी को तकनीकी खामी बताकर रद्द कर दिया गया है। कार्यकारिणी गठन के चंद घंटों बाद ही यह निणय होने से पार्टी में तरह तरक की चर्चाओं का दौर बना हुआ है। इसके पीछे पार्टी में पदों को लेकर बने अंदरूनी विवाद को भी कारण बताया गया है। इस फैसले के बाद घोषित हुई कार्यकारिणी में बड़े पैमाने पर पदाधिकारियों में फेरबदल की संभावना है।

यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा में अपने सभी प्रकोष्ठों, मोर्चा और विभागों में पदीय दायित्व सौंपे जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश हाईकमान द्वारा सभी कार्यकारिणी का गठन करने के निर्देश देते हुए प्रदेश से लेकर जिलों में संयोजक, सह संयोजक और जिलाध्यक्ष नामित कर दिये गये हैं। हाईकमान के निर्देश पर जिलों में नवीन कार्यकारिणी का भी गठन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जनपद में भाजपा संगठन द्वारा महिला मोर्चा और किसान मोर्चा की नवीन कार्यकारिणी का गठन करते हुए शनिवार देर शाम सूची भी जारी कर दी गयी, लेकिन यह सूची जारी करने के चंद घंटों के बाद ही इसे रद्द कर दिया गया है।

जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला ने महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कविता सैना के साथ 4 पदों के लिए 25 सदस्यीय कार्यकारिणी की सूची जारी की। इसमें अनिता शर्मा, मालती, पूनम पाल, अंजना शर्मा, विमल चौहान व दुलारी मित्तल को उपाध्यक्ष, मीनू यादव व सरिता गौड को महामंत्री, सीमा मलिक, सीमा शर्मा सीमा सैनी, जिला पंचायत सदस्या जूली जाटव, संतोष शर्मा और नमिता जौहरी मंत्री, पारूल मित्तल कोषाध्यक्ष और सदस्य के रूप में रश्मि रानी, मूर्ति देवी, कोमल सैनी, रूबी गजनी, बबीता गुप्ता, अंजू बाटला, शालिनी शर्मा, मंजू प्रजापति, संगीता भारद्वाज और रेखा वर्मा को शामिल किया गया।

इसके अलावा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अमित रावल की कार्यकारिणी में नितिन बालियान, ओमेन्द्र मुखिया, सुधीश पुण्डीर, रहतु प्रधान, मानवेन्द्र शर्मा, जयसिंह बिल्लू प्रमुख और जोगेन्द्र वर्मा को उपाध्यक्ष बनाया गया। तरूण त्यागी व आदेश मोतला को महामंत्री, मामचन्द पुण्डीर, धीरज त्यागी, मनोज चौधरी, धीर सिंह प्रधान, हरिओम त्यागी, जितेन्द्र चौधरी और डा. मुनीश त्यागी को मंत्री, किरण पाल पंवार कोषाध्यक्ष और जगपाल पांचाल, विरेन्द्र चौधरी, आशीष शर्मा, अतुल प्रताप सिंह व रमन सिंह को सदस्य के रूप में शामिल किया गया।

रात में जारी हुई भाजपा महिला मोर्चा और किसान मोर्चा की इस सूची को दिन निकलते ही रद्द कर दिया गया। जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला ने बताया कि महिला मोर्चा और किसान मोर्चा कार्यकारिणी की जो सूची जारी की गई है, वह तकनीकी कारणों से रद्द कर दी गयी है। उनका कहना है कि नवीन कार्यकारिणी की सूची जल्द ही जारी की जायेगी। इन दोनों सूचियों के अचानक ही रद्द कर दिये जाने से पार्टी में कई तरह की चर्चाओं का दौर चल रहा है। सूत्रों का कहना है कि इन सूचियों में शामिल किये गये पदाधिकारियों को लेकर अंदरूनी स्तर पर विवाद है और इसी कारण यह कार्यकारिणी गठन के बाद रद्द की गई हैं। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि पार्टी हाईकमान के दिशा निर्देशों की अनदेखी करते हुए यह कार्यकारिणी बनाई गई थी, हाईकमान के ऐतराज के बाद इसको रद्द कर दिया गया है, अब नये सिरे से कार्यकारिणी का गठन करने की तैयारी है।