हरियाणा मे कबड्डी खिलाड़ी साक्षी पर हमला, पिटाई से हालत गंभीर

इस खबर को शेयर करें

खरखौदा/सोनीपत। दिल्ली से सटे सोनीपत के गांव पहलादपुर किडौली की रहने वाली राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी साक्षी पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इसमें साक्षी का सिर फूट गया और दायां पैर टूट गया। उन्हें पीजीआइ रोहतक में भर्ती कराया गया। साक्षी के बयान पर खरखौदा पुलिस ने गांव के ही पांच लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। खिलाड़ी के साथ स्वजन व ग्रामीणों ने दोपहर में एसपी से भी मुलाकात की। इसके बाद एसपी ने मामले की जांच डीएसपी को सौंप दी है।

साक्षी प्रदेश स्तर पर कई मेडल जीत चुकी हैं। वह मणिपुर में 47वीं जूनियर नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता में भी भाग ले चुकी हैं। उनका कहना है कि वह गांव के खेल मैदान में प्रैक्टिस कर साथी खिलाड़ियों के साथ घर लौट रही थीं। रास्ते में गांव के ही एक परिवार के लोगों ने रास्ता रोककर नुकीले हथियार व डंडों से हमला कर दिया। हमला करने वालों में से दो लोगों ने शराब पी रखी थी।

वहीं, साक्षी की मां का कहना है कि आरोपित पक्ष की लड़कियां भी खिलाड़ी हैं। आरोप है कि उन लड़कियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन नहीं होने के कारण साक्षी पर हमला किया गया। जब वह पति के साथ मौके पर पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। उधर, खरखौदा थाना प्रभारी विवेक मलिक ने भी केस दर्ज होने की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार हाल ही में मणिपुर में आयोजित 47वीं जूनियर नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता में टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली खिलाड़ी साक्षी ने आरोप लगाया कि वह शाम को गांव के खेल मैदान से अपनी साथी खिलाड़ियों के साथ अभ्यास कर वापस घर लौट रही थी। इसी बीच रास्ते में गांव के ही एक परिवार के लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया और किसी नुकीले चीज व लाठियों से मारपीट की। साक्षी का आरोप है कि मारपीट में उसके सिर व पैर में चोटें आई। उसका कहना है कि मारपीट के दौरान उसे उठवा देने व जान से मारने की भी धमकी दी है।