100 में 98 नंबर, उम्र 71 की…जज्बा गजब का, तीसरी बार MA कर रहे हैं MLA

इस खबर को शेयर करें

जींद: हौसला रख ऐ वक्त के मुसाफिर…ये जो आईना तेरे तालीम का गवाह बना है, उसे जरूर एक दिन तुझपे फक्र होगा। फक्र हो भी क्यों ना। हरियाणा के 71 साल के विधायक का किरदार ही कुछ ऐसा है। जरा सोचिए उम्र के इस दौर में जब बहुत से लोग रुखसती के बारे में सोचने लगते हैं, तब वह एमए की तीसरी डिग्री की तैयारी कर रहे हैं। हम बात कर रहे हैं जननायक जनता पार्टी (JJP) के विधायक ईश्वर सिंह की।

राजनीति विज्ञान से कर रहे हैं एमए
हरियाणा की गुहला सीट से जेजेपी विधायक ईश्वर सिंह कोरोना काल का सदुपयोग करते हुए अपने तालीम के शौक को पूरा कर रहे हैं। जेजेपी विधायक ने करीब 85 प्रतिशत अंकों के साथ कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से एमए राजनीति विज्ञान की प्रथम वर्ष की परीक्षा पास की हैं। इतना ही नहीं उन्होंने एक विषय (मेजर आइडियाज एंड इश्यूज इन पब्लिक एडमिन) में तो 100 अंकों में 98 अंक हासिल किए हैं।

लॉकडाउन के दौरान लिया था ऐडमिशन
उन्होंने पिछले साल कोरोना काल में घर से ही ऑनलाइन परीक्षाएं दी थीं। प्रथम वर्ष की परीक्षा में पास होने के बाद ईश्वर सिंह ने कहा कि उम्र छोटी हो या बड़ी, इसकी परवाह किए बगैर हर इंसान को सीखते और पढ़ते रहना चाहिए। एमएलए ईश्वर सिंह एमए की अपनी तीसरी डिग्री के लिए पढ़ाई कर रहे हैं। पिछले साल लॉकडाउन के दौरान एमए राजनीति विज्ञान के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में उन्होंने प्राइवेट ऐडमिशन लिया।

इतिहास और पब्लिक एड से कर चुके हैं एमए
इसके बाद वह घर पर पढ़ाई करते रहे। पिछले साल अक्टूबर में ही ऑनलाइन माध्यम से परीक्षाएं दीं। इससे पहले ईश्वर सिंह पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन और इतिहास में एमए करने के साथ-साथ एलएलबी और एलएलएम भी कर चुके हैं। उन्होंने ये सभी डिग्रियां 1977 में में विधायक बनने के बाद हासिल कीं। राजनीति में आने से पहले ईश्वर सिंह दसवीं के बाद जेबीटी (जूनियर बेसिक टीचर) भी रहे थे।