mann ki baat : हरियाणा के कुरुक्षेत्र के गांव किरमिच में जश्न का माहौल है। हर तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चर्चा हो रही है। दरअसल, पीएम मोदी रविवार को किरमिच के किसान धुम्मन सिंह से मन की बात करेंगे। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए गांव में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी।
छह किसानों से होगी बातचीत
पीएम मोदी देश भर के विभिन्न राज्यों के छह किसानों सहित 12 लोगों के साथ रविवार को मन की बात करेंगे। इस दौरान गांव व आसपास के लोग भी पीएम के मन की बात सुनेंगे। इसके लिए गांव किरमिच में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। धुम्मन सिंह किरमिच हरियाणा सरस्वती हैरिटेज बोर्ड के उपाध्यक्ष हैं। धुम्मन भाजपा के जिलाध्यक्ष भी रहे हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर छाएगा गांव का नाम
गांव के लोगों का कहना है कि पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम के लिए गांव के बूथ नंबर 180 कालू पट्टी से धुम्मन सिंह का चयन हुआ है। इससे गांव व कुरुक्षेत्र का नाम रोशन होगा। उधर, धुम्मन सिंह का कहना है कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। पूरे प्रदेश में उनका ही चयन हुआ है।